Knews Desk- बिहार के खगड़िया जिले में आसमानी बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पिता-पुत्र समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों पौरा सहायक थाना और बेलदौर थाना क्षेत्र में हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहली घटना कन्हौली गांव की है, जहां किसान खेतों में मक्का की फसल की कटाई कर रहे थे। अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया। करीब एक दर्जन लोग खेत में काम कर रहे थे, तभी तेज बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में आशुतोष यादव और उनके पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के इतमादी गांव और आसपास के इलाकों में हुई, जहां वज्रपात की चपेट में आने से दो और लोगों की जान चली गई और चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि अचानक हुए इस प्राकृतिक हादसे ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।