Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के हल्द्वानी गांव में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. जांच में उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का भी खुलासा हुआ है.
KNews Desk: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्द्वानी गांव में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. इस वारदात के आरोपी बलराज की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था और करीब तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया था.
बताया जा रहा है कि बच्ची शुक्रवार को अपने घर के आसपास से अचानक लापता हो गई थी. परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज में बलराज बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताछ के दौरान पुलिस ने सख्ती से जानकारी जुटाई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पास के खेत से बोरी में बंद बच्ची का शव बरामद किया गया.
मासूम का शव मिलने के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड ने बढ़ाई चिंता
पुलिस जांच में सामने आया कि बलराज का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है. उस पर वर्ष 2017 में सूरजपुर इलाके में अपहरण, दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. इसके अलावा गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में भी एक बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में उसे सजा हो चुकी थी.
पुलिस और ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी पहले भी बच्चों को निशाना बनाने वाले गंभीर अपराधों में शामिल रहा था. जेल से बाहर आने के बाद वह हल्द्वानी गांव में रहने लगा था.
जेल में हुई थी तौसीफ से मुलाकात
जांच के दौरान बलराज के जेल कनेक्शन की जानकारी भी सामने आई. बताया गया कि जेल में उसकी मुलाकात तौसीफ नाम के एक व्यक्ति से हुई थी. करीब तीन महीने पहले जेल से रिहा होने के बाद तौसीफ उसे हल्द्वानी गांव ले आया था. यहां बलराज मजदूरी और घरेलू काम करता था.
पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत
सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने की बात कही थी. पुलिस टीम जब उसे घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए लेकर जा रही थी, तभी उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बलराज घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
परिवार ने शव लेने से किया इनकार
पुलिस के मुताबिक, बलराज मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के तिलपता गांव का रहने वाला था. उसकी आपराधिक गतिविधियों से परिवार पहले से ही परेशान था और परिजन उससे अलग रहते थे.
मुठभेड़ में मौत के बाद परिवार ने उसका शव लेने से इनकार कर दिया. बाद में पुलिस के समझाने पर शव उसके भाई को सौंपा गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया.
घटना के बाद एहतियातन हल्द्वानी गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है.