मोबाइल की जिद में घर से निकली नाबालिग, नौकरी का झांसा देकर पूर्णिया में बेचने का आरोप; पुलिस ने कराया मुक्त

अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची मां से मोबाइल फोन नहीं मिलने से नाराज होकर घर से निकल गई थी। सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने उसे पार्लर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को पूर्णिया लाकर कथित तौर पर 50 हजार रुपये में बेच दिया गया और जबरन देह व्यापार में धकेला गया। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बच्ची को मुक्त कराया और मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Knews Desk – यह मामला पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा रेडलाइट एरिया से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को डीएसपी विशेष अपराध, पूर्णिया के कार्यालय में आवेदन मिला था, जिसमें अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची को हरदा रेडलाइट एरिया में लाकर जबरन देह व्यापार करवाए जाने की सूचना दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी गई और उनके निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

विशेष टीम में डीएसपी विशेष अपराध, महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई यानी AHTU और मरंगा थाना की पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस ने पहले ग्राहक के रूप में एक पुलिसकर्मी को भेजकर जानकारी जुटाई। इसके बाद हरदा रेडलाइट एरिया में छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, मौके पर तीन पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले। घटनास्थल से इस्तेमाल किए हुए और नए कंडोम के कई पैकेट भी बरामद किए गए।

दूसरे ठिकाने पर भेजी गई थी बच्ची

पुलिस ने एक महिला से लापता नाबालिग बच्ची के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि बच्ची को हरदा से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आगा खान टोला स्थित दूसरे ठिकाने पर भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मुफस्सिल थाना के सहयोग से वहां भी छापेमारी की।

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी की भनक लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे। इसी दौरान बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहे एक महिला और एक पुरुष को पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं, घटनास्थल से भाग रही एक बच्ची को भी बरामद किया गया। पुलिस ने बच्ची से उसका नाम, पता और उम्र पूछी और उपलब्ध तस्वीर से मिलान करने के बाद उसकी पहचान की पुष्टि की। इसके बाद उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

मोबाइल फोन नहीं मिलने से नाराज होकर घर से निकली थी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसकी मां ने उसे मोबाइल फोन नहीं दिलाया था। इसी बात से नाराज होकर वह घर से निकल गई और सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला ने उसे पार्लर में काम दिलाने का प्रलोभन दिया और अपने साथ घर ले गई।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बच्ची को पूर्णिया लाया गया और आफताब खान उर्फ अंकित तिवारी के हाथों 50 हजार रुपये में बेच दिया गया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद बच्ची को जबरन देह व्यापार में धकेला गया।

पुलिस ने मामले में कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी सूचित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल बच्ची को मुक्त कराने के बाद आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बच्ची को पूर्णिया तक लाने और कथित तौर पर बेचने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इस नेटवर्क में और कितने लोग जुड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *