विपक्ष रहा छूट,भाजपा का चुनावी मुड़ ?

उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। सत्ता में वापसी की कोशिशों के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी अपनी रणनीति को धार देने में जुटी हैं। एक तरफ भाजपा प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में नया प्रयोग करने जा रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस बदलाव के दावे के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। दरअसल, भाजपा ने इस बार टिकट की दावेदारी को लेकर जमीनी कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने का फैसला किया है। पार्टी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की विशेष टोली गठित करेगी। साथ ही सुझाव पत्रिका के माध्यम से कार्यकर्ता अपनी पसंद के संभावित उम्मीदवारों के नाम नेतृत्व तक पहुंचा सकेंगे। पार्टी का मानना है कि इससे प्रत्याशी चयन में कार्यकर्ताओं की राय को प्राथमिकता मिलेगी और संगठन के भीतर बेहतर समन्वय स्थापित होगा। वहीं कांग्रेस भी सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन चुनाव से पहले पार्टी के कुछ संभावित दावेदारों को लेकर नए विवाद सामने आ रहे हैं, जो दावेदारों की मुश्किलें बढ़ा रहे है।  हरक सिंह रावत से जुड़ा जैनी प्रकरण और धारचूला विधायक हरीश धामी के लंबे समय से तैनात गनर को बदले जाने का मामला अब सियासी बहस का विषय बन गया है। कांग्रेस ने इन दोनों मामलों को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के आरोप लगाए हैं। ऐसे में देखना यह होगा कि भाजपा का नया टिकट फार्मूला कितना कारगर साबित होता है और कांग्रेस इन चुनौतियों के बीच अपनी चुनावी जमीन कितनी मजबूत कर पाती है। बहरहाल, जो भी हो यह तो आने वाला समय ही बतायेगा लेकिन इस सबके चलते आरोप प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता नजर आ रहा है।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस सहित सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी दल संगठन मजबूत करने और रणनीति बनाने में जुटे हैं। इधर भाजपा ने टिकट वितरण के लिए नया फार्मूला तैयार किया है। इस बार प्रत्याशी चुनने में जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को अहमियत दी जाएगी। हर विधानसभा में विशेष टोली बनेगी और सुझाव पत्रिका से कार्यकर्ता पसंदीदा उम्मीदवारों के नाम नेतृत्व तक पहुंचा सकेंगे। वहीं कांग्रेस सत्ता में वापसी का दावा कर रही है, लेकिन चुनाव से पहले संभावित दावेदार कांग्रेस नेताओं को लेकर विवाद गहरा रहा है। जहाँ एक ओर कथित हरक सिंह रावत से जुड़े जैनी प्रकरण को लेकर चर्चाएं थम नहीं रही हैं। हालांकि हरक सिंह रावत ने कह चुके है कि वह आरोपों और मुकदमे से डरते नहीं हैं और किसी भी साजिश का राजनीतिक फायदा उन्हीं को मिलने वाला है। उधर धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी के गनर बदले जाने का मामला भी तूल पकड़ रहा है। हरीश धामी ने राज्यपाल को पत्र लिखकर जान को खतरा और हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गनर बदलकर उनकी गतिविधियों की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जा रही है। गौरतलब है कि पिथौरागढ़ में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बाद हरीश धामी सुर्खियों में बने हुए है। वहीं भाजपा ने आरोपों को प्रपंच बताया है जबकि कांग्रेस ने सरकार पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है। जिसके चलते तंज और पलटवार भी चरम पर सुनाई दे रहे है।

कुल मिलाकर, उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बिसात बिछने लगी है। भाजपा का नया टिकट फार्मूला संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का भरोसा जीतने की कोशिश है, तो कांग्रेस बदलाव के नारे के साथ सत्ता में वापसी का सपना देख रही है। लेकिन कथित हरक सिंह रावत से जुड़ा जैनी प्रकरण और हरीश धामी के गनर को बदले जाने का मामला कांग्रेस के लिए नई चुनौती बन गया है। कांग्रेस इन्हे राजनीतिक लाभ कार्यवाही बता रही है जबकि भाजपा इसे प्रशासनिक प्रक्रिया कह रही है। सवाल यह है कि क्या भाजपा का कार्यकर्ता आधारित चयन वाकई जमीनी हकीकत पकड़ पाएगा, या यह सिर्फ चुनावी रणनीति बनकर रह जाएगा। और क्या कांग्रेस विवादों और इन मुद्दों से उबरकर एकजुट होकर मैदान में उतर पाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में दोनों दलों की रणनीति और जनता का मूड ही तय करेगा कि उत्तराखंड में सत्ता किसके हाथ आएगी लेकिन फिलहाल आरोप प्रत्यारोप जारी है और सियासी पारा लगातार चढ़ता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *