लोधेश्वर महादेव मंदिर को मिलेगा काशी जैसा स्वरूप, CM योगी ने किया कॉरिडोर निर्माण का ऐलान

बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मंदिर के विकास के लिए सरकार ने बजट जारी कर दिया है। काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर यहां भी भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मंदिर के कायाकल्प की बड़ी घोषणा की। सीएम योगी ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और अब इसे काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के लिए सरकार ने बजट उपलब्ध करा दिया है। मंदिर परिसर के विकास के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा। सीएम ने कहा कि जैसे काशी और अयोध्या में विकास कार्यों के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, वैसे ही लोधेश्वर महादेव मंदिर भी आने वाले समय में एक बड़े धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने धार्मिक स्थलों के विकास पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में जनता के पैसे का सही इस्तेमाल नहीं हुआ और विकास कार्यों की अनदेखी की गई।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने विरासत और आस्था से जुड़े स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा, “पहले कट्टा और बम था, अब ब्रह्मोस मिसाइल है। आज प्रदेश में बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं।”

विकास कार्यों का दिया उदाहरण

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का पैसा जनता के हित में खर्च होना चाहिए। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए जेपीएनआईसी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोमती रिवर फ्रंट परियोजनाओं का उदाहरण दिया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कम लागत में बेहतर काम करके दिखाया है और अब वही संसाधन धार्मिक स्थलों और जनकल्याणकारी योजनाओं में लगाए जा रहे हैं।

लोधेश्वर मंदिर तक बनेगी फोरलेन सड़क

सीएम योगी ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी होगी। उन्होंने लोगों से बेहतर भविष्य के लिए सही निर्णय लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर बनने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा और इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *