KNEWS DESK – टीवी की दुनिया का जाना-माना चेहरा और मशहूर कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ की जज अर्चना पूरन सिंह ने अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। लंबे समय से शो का हिस्सा रहीं अर्चना ने बताया कि उन्हें अब भी अच्छे एक्टिंग ऑफर्स का इंतजार है। उनका कहना है कि इंडस्ट्री में लंबे अनुभव के बावजूद उन्हें मनपसंद भूमिकाएं नहीं मिल रही हैं।
अर्चना पूरन सिंह ने कहा कि उन्हें फिल्मों के ऑफर्स तो आते हैं, लेकिन ऐसे किरदार नहीं मिलते जिनमें वह अपनी एक्टिंग का दम दिखा सकें। उन्होंने बताया कि ब्रांड एंडोर्समेंट्स के प्रस्ताव जरूर मिलते हैं, लेकिन अच्छे अभिनय वाले रोल्स के लिए अभी भी इंतजार करना पड़ रहा है।
एक्ट्रेस ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने हाल ही में एक फिल्म को सिर्फ इसलिए मना कर दिया क्योंकि उन्हें उसमें अपना किरदार पसंद नहीं आया। अर्चना ने कहा कि वह आज भी एक्टिंग करना चाहती हैं और अच्छे रोल्स के लिए तैयार हैं।
उन्होंने अपने पुराने अनुभव को याद करते हुए बताया कि जब उनकी फिल्म ‘बोल बच्चन’ रिलीज हुई थी, तब कई लोगों ने कहा था कि अब उनके पास फिल्मों के ऑफर्स की लाइन लग जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अर्चना के मुताबिक, पिछले कई सालों में उन्हें उम्मीद के मुताबिक बड़े एक्टिंग प्रोजेक्ट्स नहीं मिले।
वहीं, अर्चना पूरन सिंह अब अपनी नई वेब सीरीज ‘आदर्श बाल विद्या’ को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए एक नया मौका है, क्योंकि इसमें दर्शक उन्हें एक अलग अंदाज में देखेंगे। अर्चना का मानना है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने कलाकारों के लिए नए और अलग तरह के किरदारों के दरवाजे खोले हैं।