झारखंड से जंतर-मंतर तक छात्रों पर कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- लाठीचार्ज और बल प्रयोग स्वीकार नहीं

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से छात्रों पर कथित गोलीबारी और बल प्रयोग को लेकर जवाब देने की मांग की.

Knews Desk- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और उन पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को सुना जाना चाहिए. राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि दिल्ली में छात्रों पर कथित गोली चलाने, पेलेट गन और कील लगी लाठियों के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की मांग किसी सामान्य मुद्दे पर अमित शाह के भाषण को लेकर नहीं है. उनका कहना है कि गृह मंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का आदेश किसने दिया.

राहुल गांधी ने कहा, “अमित शाह को साफ बताना होगा कि हमारे युवाओं पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया था. पेलेट गन चलाई गईं और छात्रों को कील लगी लाठियों से पीटा गया. क्या इसका आदेश उन्होंने दिया था या नहीं?”

उन्होंने कहा कि अगर अमित शाह ने कार्रवाई का आदेश दिया था तो उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और अगर उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी तो यह उनकी जिम्मेदारी पर सवाल खड़ा करता है. राहुल गांधी ने इसी आधार पर उनके इस्तीफे की मांग दोहराई.

PM मोदी से भी माफी की मांग

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर माफी मांगने की मांग की. उन्होंने कहा कि विपक्ष पिछले करीब 15 दिनों से इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रहा है.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार चर्चा से बच रही है. उन्होंने कहा कि विपक्ष को अमित शाह की ओर से कही जाने वाली “मनगढ़ंत बातों” में दिलचस्पी नहीं है, बल्कि वह यह जानना चाहता है कि छात्रों पर कार्रवाई का आदेश किसने दिया.

उन्होंने कहा कि पहले गृह मंत्री को इस सवाल का स्पष्ट जवाब देना चाहिए और उसके बाद ही आगे की चर्चा होनी चाहिए.

झारखंड में छात्रों पर बल प्रयोग पर भी बोले राहुल

झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी राहुल गांधी ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ बल प्रयोग करना गलत है.

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों और समस्याओं को रखने का लोकतांत्रिक अधिकार है. सरकार को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनसे बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान निकालना चाहिए.

उन्होंने झारखंड सरकार से अपील की कि वह प्रदर्शन कर रहे छात्रों की बात सुने और बातचीत के जरिए विवाद का समाधान करे.

किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को दिया जवाब

राहुल गांधी के आरोपों पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आरोप लगाकर सदन से चले नहीं जाना चाहिए. रिजिजू के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह संसद में इस मुद्दे पर जवाब देने के लिए तैयार हैं.

रिजिजू ने कहा कि सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार है और राहुल गांधी को गृह मंत्री की बात पूरी तरह सुननी चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आरोप लगाने के बाद जवाब से बचना उचित नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *