NEET पेपर लीक विवाद पर विपक्ष का सरकार पर हमला तेज, छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई नाराजगी
Knews Desk- NEET पेपर लीक मामले को लेकर संसद से लेकर सड़क तक सियासी घमासान जारी है। विपक्षी इंडिया ब्लॉक ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छात्रों के समर्थन में बड़ा कदम उठाते हुए अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
खरगे ने अपने पोस्ट में लिखा कि देश ने देखा कि किस तरह शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि न्याय की मांग कर रहे छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया गया।
जननी अपने बच्चों के साथ ऐसा नहीं करती
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की जननी अपने बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करती। इन दुखद परिस्थितियों में मैंने आज अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और स्नेह उनके लिए बेहद मायने रखता है, लेकिन मौजूदा हालात में जश्न मनाने का समय नहीं है।
खरगे ने कहा, “आज उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि जवाबदेही तय करने का दिन है। लोकतंत्र को बहाल करने की जरूरत है।”
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
खरगे ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक मामले में नैतिक और राजनीतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग करते हुए कहा कि देश में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ी से प्रभावित छात्रों को कानूनी सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
सरकार बोली- छात्रों के साथ खड़ी है मोदी सरकार
वहीं, सरकार की ओर से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA संसदीय दल की बैठक में साफ किया है कि सरकार छात्रों के साथ है।
रिजिजू ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले राष्ट्रीय चिंता का विषय हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के बजाय छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
संसद का मानसून सत्र शुरू हो चुका है और NEET विवाद समेत कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।