मेयोनीज नहीं, इस बार ट्राई करें हेल्दी दही सैंडविच! गर्मियों में देगा ठंडक और भरपूर प्रोटीन

KNEWS DESK- गर्मियों के मौसम में हर कोई ऐसी चीजें खाना पसंद करता है जो हल्की, हेल्दी और रिफ्रेशिंग हों। अगर आप भी ब्रेकफास्ट या शाम की हल्की भूख के लिए कोई टेस्टी लेकिन हेल्दी ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो दही सैंडविच आपके लिए परफेक्ट रेसिपी हो सकती है। यह सैंडविच न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि प्रोटीन और कई जरूरी न्यूट्रिएंट्स से भी भरपूर होता है।

खास बात ये है कि इसमें मेयोनीज या ज्यादा चीज की जरूरत नहीं पड़ती। हंग कर्ड यानी गाढ़े दही से बना यह सैंडविच गर्मियों में शरीर को ठंडक भी देता है।

क्यों खास है दही सैंडविच?

दही सैंडविच में हंग कर्ड का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर क्रीमी बनता है। साथ ही इसमें ताजी सब्जियां मिलाने से यह और ज्यादा हेल्दी हो जाता है। यह रेसिपी बच्चों के टिफिन, ऑफिस स्नैक या हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए शानदार ऑप्शन मानी जाती है।

दही सैंडविच बनाने के लिए जरूरी सामग्री

  • 3/4 कप हंग कर्ड
  • 1 कप बारीक कटी सब्जियां
    (खीरा, शिमला मिर्च, गाजर और प्याज)
  • 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
  • 1 बड़ा चम्मच पुदीना
  • 1 हरी मिर्च
  • काली मिर्च और रेड चिली फ्लेक्स
  • स्वादानुसार नमक
  • ब्रेड स्लाइस
  • मक्खन
  • हरी चटनी (ऑप्शनल)
  • थोड़ा देसी घी
  • सरसों और करी पत्ता

कैसे बनाएं हेल्दी दही सैंडविच?

सबसे पहले दही को कपड़े में बांधकर उसका सारा पानी निकाल लें, ताकि गाढ़ा हंग कर्ड तैयार हो जाए। अब एक बाउल में हंग कर्ड डालें और उसमें सारी बारीक कटी सब्जियां मिला लें।

इसके बाद नमक, काली मिर्च, रेड चिली फ्लेक्स, पुदीना, हरा धनिया और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।

अब ब्रेड स्लाइस पर मक्खन लगाएं और तैयार दही का मिश्रण फैलाएं। ऊपर से दूसरी ब्रेड लगाकर सैंडविच तैयार करें।

ऐसे करें सैंडविच को क्रिस्पी

एक नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा घी गर्म करें। इसमें सरसों और करी पत्ता डालकर चटका लें। अब तैयार सैंडविच को हल्की आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंक लें।

https://www.instagram.com/reels/CqmrGzuO8hX/

आप चाहें तो इसे बिना सेंके ठंडा-ठंडा भी खा सकते हैं। हरी चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।

जरूरी टिप्स जरूर करें नोट

  • दही का पानी अच्छी तरह निकालें, वरना सैंडविच गीला हो सकता है।
  • ताजी और कुरकुरी सब्जियों का इस्तेमाल करें।
  • सैंडविच पहले से तैयार करके फ्रिज में रखा जा सकता है।
  • सर्व करने से ठीक पहले रोस्ट करने पर इसका स्वाद ज्यादा अच्छा लगता है।

अगर आप गर्मियों में कुछ हेल्दी, हल्का और स्वादिष्ट खाना चाहते हैं, तो दही सैंडविच एक बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है।