Knews Desk- संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर 2026 से 3 दिसंबर 2026 तक चलेगा। भारतीय संसदीय इतिहास में कई विशेष सत्र और विशेष बैठकें ऐसी रही हैं, जिन्होंने देश की राजनीति और व्यवस्था पर गहरा असर डाला। 1947 की ऐतिहासिक बैठक से लेकर 1962 के युद्ध, 1997 के आत्ममंथन, 2017 में जीएसटी और 2023 के महिला आरक्षण तक, संसद में कई अहम मुद्दों पर चर्चा और फैसले हुए।
1947 में आधी रात को शुरू हुई नई यात्रा
14-15 अगस्त 1947 की आधी रात संविधान सभा की बैठक में जवाहरलाल नेहरू ने ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ भाषण दिया। भारत ने स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू की। यह संसद का विशेष सत्र नहीं था, बल्कि संविधान सभा की ऐतिहासिक बैठक थी। इसके बाद अगस्त 1972 में आजादी की रजत जयंती और अगस्त 1992 में भारत छोड़ो आंदोलन के 50 साल पूरे होने पर संसद की विशेष बैठक हुई।
चीन के हमले के बीच संसद में सरकार से सवाल
नवंबर 1962 में चीन के हमले के बाद संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा तैयारियों और सरकार की नीतियों पर गंभीर चर्चा हुई। विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा। अटल बिहारी वाजपेयी सहित विपक्षी नेताओं ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। राष्ट्रीय संकट के बीच संसद की निगरानी भूमिका का यह महत्वपूर्ण उदाहरण रहा।
1997 में आजादी के 50 साल पर आत्ममंथन
अगस्त 1997 में आजादी की स्वर्ण जयंती के अवसर पर 26 अगस्त से 1 सितंबर तक विशेष बैठक हुई। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल और विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी समेत नेताओं ने लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, आर्थिक विकास, शिक्षा, चुनाव सुधार और राजनीति के अपराधीकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा की। दोनों सदनों ने साझा संकल्प भी पारित किए। यह बैठक देश की पांच दशक की यात्रा के मूल्यांकन और भविष्य की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण रही।
संविधान के मूल्यों पर हुई विशेष चर्चा
नवंबर 2015 में संविधान अपनाए जाने के 66 वर्ष और डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें संविधान की प्रस्तावना, लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। इसी अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।
आधी रात को लागू हुआ जीएसटी
30 जून 2017 की आधी रात संसद के केंद्रीय कक्ष में जीएसटी लागू करने का समारोह हुआ। एक जुलाई से नई अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था लागू हुई, जिसके तहत केंद्र और राज्यों के कई अप्रत्यक्ष करों को साझा व्यवस्था में शामिल किया गया। इसे आजादी के बाद के बड़े आर्थिक सुधारों में गिना गया। हालांकि कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों ने आधी रात के आयोजन का बहिष्कार किया था।
2023 में महिला आरक्षण ने बदली तस्वीर
सितंबर 2023 का विशेष सत्र नए संसद भवन में कार्यवाही की शुरुआत और महिला आरक्षण कानून के लिए ऐतिहासिक रहा। ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का संवैधानिक प्रावधान किया गया। हालांकि इसके क्रियान्वयन को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ दिया गया।
अप्रैल की नाकामी के बाद नई रणनीति
अप्रैल 2026 में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई समर्थन नहीं मिल सका। अब 27 नवंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संशोधित विधायी पैकेज को मंजूरी दी है। नए प्रस्ताव में लोकसभा की मौजूदा सीटों में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 50 फीसदी वृद्धि तथा अधिकतम 850 सीटों का प्रावधान है। राज्यों की विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव है।
दक्षिण के प्रतिनिधित्व पर बढ़ी सियासी बहस
नए प्रस्ताव के साथ दक्षिणी राज्यों के प्रतिनिधित्व और उत्तर-दक्षिण संतुलन का मुद्दा फिर चर्चा में है। प्रस्ताव में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के प्रासंगिक आंकड़े प्रकाशित होने तक बनाए रखने की बात कही गई है। कांग्रेस महिला आरक्षण को मौजूदा 543 निर्वाचित सीटों के भीतर लागू करने की मांग कर रही है, जबकि कुछ क्षेत्रीय दलों ने नए प्रस्ताव के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है।
अब 30 नवंबर से शुरू होने वाला विशेष सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए अहम होगा। संविधान संशोधन के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत जरूरी है। ऐसे में अप्रैल की नाकामी के बाद सरकार की नई रणनीति और विपक्ष की एकजुटता पर सभी की नजर रहेगी।