Knews Desk- जयपुर के चर्चित अनु मीणा सुसाइड केस में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब परिवार ने आरोप लगाया है कि अनु के पति गौतम ने आत्महत्या से करीब एक महीने पहले ही उसे और उसके दोनों बच्चों को मारने की कोशिश की थी। परिजनों के मुताबिक, 13 मार्च की रात गौतम ने कमरे में एलपीजी गैस खोल दी और अनु व बच्चों को अंदर बंद करके बाहर से गेट लॉक कर चला गया। पूरी रात घर गैस चैंबर बना रहा, लेकिन किस्मत से तीनों की जान बच गई।
सुबह जब अनु की नींद खुली तो उसने देखा कि दरवाजा बाहर से बंद है। उसने तुरंत अपने बड़े भाई दीपक को फोन किया। बाद में एक परिचित अनिल मीणा मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोला। इसके बाद अनु अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके त्रिवेणी नगर पहुंच गई। परिवार का कहना है कि उस वक्त उन्हें लगा था कि शायद यह कोई गलती रही होगी, क्योंकि गौतम ने फोन पर माफी मांग ली थी।
भाई नीरज मीणा ने बताया कि उन्होंने अनु को साफ कहा था कि उसकी जान को खतरा है और उसे वापस नहीं जाना चाहिए। हालांकि रिश्ते को बचाने की उम्मीद में परिवार ने ज्यादा सख्ती नहीं दिखाई। अनु के पिता रोहिताश मीणा ने कहा कि वह हमेशा चाहते थे कि बेटी का घर बसा रहे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि 3 मार्च को भी गौतम ने अनु के साथ मारपीट की थी। अनु के मोबाइल से मिले CCTV वीडियो में गौतम घर में तोड़फोड़ और अनु के साथ हिंसा करता दिखाई दे रहा है। बेटे माहिर ने भी बताया कि उसके पिता शराब पीकर घर आते थे और मां के साथ झगड़ा करते थे।
परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर अनु ने आखिरकार आत्महत्या जैसा कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।