सावन शिवरात्रि पर बनाएं झटपट आलू-सिंघाड़े की पूड़ी, व्रत के बाद स्वाद भी मिलेगा और पेट भी भरेगा

KNEWS DESK- सावन शिवरात्रि के व्रत के बाद अगर कुछ स्वादिष्ट और पेट भरने वाला खाने का मन है, तो आलू और सिंघाड़े के आटे से बनी पूड़ी एक बढ़िया विकल्प हो सकती है। इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।

सावन शिवरात्रि के दिन कई लोग पूरे दिन व्रत रखते हैं और शाम को पूजा-पाठ के बाद व्रत का भोजन करते हैं। ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ व्रत के अनुकूल भी हो, तो आलू-सिंघाड़े के आटे की पूड़ी ट्राई कर सकते हैं। इस पूड़ी को उबले आलू और सिंघाड़े के आटे से तैयार किया जाता है। इसे व्रत वाली सब्जी, दही या खीर के साथ परोसा जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

आलू पूड़ी बनाने के लिए सामग्री

  • सिंघाड़े का आटा- 3 से 4 कप
  • उबले आलू- 3
  • हरी मिर्च- 1 बारीक कटी हुई
  • हरा धनिया- थोड़ा सा
  • जीरा- आधा छोटा चम्मच
  • अजवाइन- आधा छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
  • सेंधा नमक- स्वादानुसार
  • तेल या व्रत में इस्तेमाल होने वाला घी- तलने के लिए

ऐसे तैयार करें आलू वाली पूड़ी

तैयार करें आटा:
सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश या कद्दूकस कर लें। अब एक बड़े बर्तन में सिंघाड़े का आटा लें और उसमें आलू मिला दें।

मसाले मिलाएं:
आटे में हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर और सेंधा नमक डालें। जीरा और अजवाइन को हथेलियों के बीच हल्का मसलकर डालने से इसका स्वाद और खुशबू अच्छी आती है।

गूंथ लें आटा:
इस मिश्रण में थोड़ा तेल डालें और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाते हुए आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा बहुत ज्यादा ढीला न हो।

बेलें पूड़ियां:
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें हल्के हाथ से बेलकर पूड़ी का आकार दें। सिंघाड़े के आटे की वजह से पूड़ी बेलते समय सावधानी रखें, क्योंकि यह सामान्य गेहूं के आटे की तरह आसानी से बंधता नहीं है।

गर्म तेल में तलें:
कढ़ाही में तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद एक-एक करके पूड़ियां डालें और दोनों तरफ से अच्छी तरह तलें। जब पूड़ियां हल्की सुनहरी और कुरकुरी हो जाएं, तो उन्हें निकाल लें।

किसके साथ खाएं आलू पूड़ी?

व्रत के दौरान आप इन पूड़ियों को दही, व्रत वाली आलू की सब्जी, कद्दू की सब्जी या खीर के साथ खा सकते हैं। इन्हें गर्मागर्म चाय या किसी व्रत-अनुकूल पेय के साथ भी परोसा जा सकता है। सावन शिवरात्रि के व्रत के बाद यह आसान रेसिपी स्वाद और पेट भरने, दोनों के लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *