KNEWS DESK- बारिश का मौसम आते ही कुछ चटपटा, गर्म और स्वादिष्ट खाने की इच्छा बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप पकौड़े और समोसे से हटकर कोई पारंपरिक डिश बनाना चाहते हैं तो अरबी के पत्तों के पकोड़े एक शानदार विकल्प हो सकते हैं। मसालों से भरपूर यह डिश स्वाद में लाजवाब होने के साथ घर के हर सदस्य को पसंद आ सकती है।

अरबी के पत्तों के पकोड़े उत्तर भारत के कई राज्यों में लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजन हैं। खासतौर पर हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में इसे बड़े चाव से बनाया जाता है। बेसन और मसालों से तैयार यह रेसिपी बारिश के मौसम में अदरक वाली चाय के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है।
अरबी के पत्तों के पकोड़े बनाने के लिए सामग्री
- 10 बड़े अरबी के पत्ते
- 2 कप बेसन
- 2 बड़े चम्मच चावल का आटा
- 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- 1 छोटा चम्मच अजवाइन
- 2 छोटे चम्मच अमचूर पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गुड़
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के अनुसार पानी
- सेंकने के लिए थोड़ा तेल
ऐसे तैयार करें मसालेदार घोल
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, अजवाइन, अमचूर पाउडर, गुड़ और नमक डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न रहें।
पत्तों पर लगाएं मसाले का मिश्रण
अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें और पानी सुखा लें। अगर पत्तों की डंडी ज्यादा मोटी हो तो उसे हल्का काटकर पतला कर दें, जिससे रोल बनाना आसान हो जाएगा। अब एक पत्ता फैलाकर उस पर बेसन का मिश्रण अच्छी तरह लगाएं। इसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें और फिर बेसन का लेप लगाएं। इसी तरह कई पत्तों की परत तैयार करें और किनारों को मोड़कर इसे कसकर रोल कर लें।
भाप में पकाकर दें कुरकुरा स्वाद
तैयार किए गए रोल को स्टीमर या इडली कुकर में करीब 20 से 25 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद इसे ठंडा होने दें और फिर गोल आकार में काट लें। अब तवे पर थोड़ा तेल डालकर कटे हुए पतोड़ों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इससे इनका स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
चटनी और चाय के साथ करें सर्व
गरमा-गरम अरबी के पत्तों के पतोड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोस सकते हैं। बारिश के मौसम में गर्म चाय के साथ इसका स्वाद और भी खास हो जाता है।
अरबी के पत्तों के पतोड़े सिर्फ एक स्नैक नहीं बल्कि भारतीय पारंपरिक स्वाद की पहचान हैं। आसान सामग्री और थोड़ी सी मेहनत से तैयार होने वाली यह डिश बारिश के दिनों में परिवार और मेहमानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकती है।