कैसे बनता है काला नमक? जानें बनाने की पारंपरिक विधि, सेवन की सीमा और सेहत के लाभ

KNEWS DESK- भारतीय रसोई में काला नमक एक खास जगह रखता है। इसका हल्का खट्टा और सल्फर जैसा स्वाद खाने को एक अलग ही ट्विस्ट देता है। चाहे फल चाट हो, रायता या कोई पेय—काला नमक डालते ही स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह सिर्फ स्वाद बढ़ाने वाला मसाला नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है।

कैसे बनता है काला नमक?

काला नमक बनाने की प्रक्रिया काफी दिलचस्प और पारंपरिक होती है। इसे सेंधा नमक के साथ आंवला, हरड़ और बहेड़ा जैसी जड़ी-बूटियों को मिलाकर मिट्टी के बर्तनों में भरा जाता है। फिर इसे भट्टी में 24 से 48 घंटे तक पकाया जाता है। इस दौरान इसमें मौजूद तत्वों की रासायनिक क्रिया से नमक का रंग काला-बैंगनी हो जाता है और इसमें एक खास तरह की गंध विकसित होती है।

आयुर्वेद में काले नमक का महत्व

आयुर्वेद में काले नमक को साधारण नमक की तुलना में अधिक लाभकारी माना गया है। यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है और पेट से जुड़ी कई समस्याओं में राहत दिला सकता है। गैस और अपच में राहत, कब्ज की समस्या में सहायक, पेट फूलने और भारीपन को कम करता है, शरीर के संतुलन को बनाए रखने में मददगार।

कितनी मात्रा में करें सेवन?

काला नमक भले ही फायदेमंद हो, लेकिन इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। इसकी तासीर गर्म होती है, इसलिए अधिक मात्रा नुकसान पहुंचा सकती है। रोजाना लगभग आधा चम्मच काला नमक पर्याप्त माना जाता है। पूरे दिन में कुल नमक का सेवन एक चम्मच से ज्यादा नहीं होना चाहिए।

काले नमक के सेवन के सही तरीके

काले नमक का उपयोग अलग-अलग तरीकों से किया जा सकता है, जिससे इसके फायदे और बढ़ जाते हैं।

कब्ज से राहत के लिए
सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में एक चुटकी काला नमक मिलाकर पीने से पाचन बेहतर होता है और शरीर की सफाई में मदद मिलती है।

पेट की जलन में आराम
छाछ में भुना जीरा और काला नमक मिलाकर पीने से पेट को ठंडक मिलती है और जलन कम होती है।

जोड़ों के दर्द में उपयोगी
काला नमक और रेत की पोटली बनाकर सिकाई करने से जोड़ों के दर्द और सूजन में राहत मिल सकती है।

किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?

कुछ लोगों के लिए काला नमक का सेवन सावधानी के साथ करना जरूरी है। हाई ब्लड प्रेशर के मरीज, किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले लोग, हड्डियों से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे लोग। ऐसे लोगों को नियमित सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

काला नमक एक ऐसा प्राकृतिक पदार्थ है जो स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन संतुलन देता है। सही मात्रा और सही तरीके से इसका उपयोग किया जाए, तो यह आपके दैनिक आहार का एक फायदेमंद हिस्सा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *