जम्मू के खौर में मिला पाकिस्तानी एयरलाइन PIA के निशान वाला गुब्बारा, जांच को लेकर सवाल

जम्मू के खौर इलाके के पलनवाला में पाकिस्तान की एयरलाइन PIA के निशान वाला संदिग्ध गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। वहीं, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में NCB ने डिगियाना से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर 385 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

Knews Desk – जम्मू के खौर इलाके के पलनवाला में शनिवार को पाकिस्तान की एयरलाइन PIA के निशान वाला एक संदिग्ध गुब्बारा मिलने की खबर सामने आई है। गुब्बारा मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि गुब्बारे पर पाकिस्तान की एयरलाइन PIA के निशान मौजूद हैं। हालांकि, यह गुब्बारा कहां से आया और इसके पीछे क्या वजह है, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

इससे पहले मई में पंजाब के होशियारपुर में भी छोटे हवाई जहाज के आकार का ऐसा ही एक गुब्बारा खेतों में मिला था। उस गुब्बारे पर भी PIA लिखा हुआ था।

वहीं, जम्मू में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की जम्मू जोनल यूनिट ने डिगियाना इलाके में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 385 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत करीब 1 करोड़ 92 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

NCB के मुताबिक, एजेंसी को डिगियाना इलाके में हेरोइन की कथित तस्करी को लेकर विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और एक संदिग्ध व्यक्ति को उस समय पकड़ा, जब वह कथित तौर पर नशीले पदार्थ की डिलीवरी करने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति जम्मू के मीरां साहिब इलाके का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान चार पैकेट में कुल 385 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद हुई।

शुरुआती जांच में जम्मू में सक्रिय कथित नशा तस्करों और पंजाब में मौजूद संभावित स्रोतों के बीच संबंधों की आशंका सामने आई है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि बरामद नशीले पदार्थ की आपूर्ति जम्मू जिले में की जानी थी।

NCB अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ-साथ नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत और इसकी आगे की आपूर्ति के संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। एजेंसी अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है, ताकि कथित तस्करी नेटवर्क की पूरी कड़ी का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *