KNEWS DESK- मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और होर्मुज संकट के बीच वैश्विक कूटनीति एक बार फिर अहम मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात फ्रांस में होने वाले G7 समिट के दौरान तय हो गई है। अमेरिकी व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
अधिकारियों के अनुसार, यह मुलाकात भारत-अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील और कई तकनीकी मुद्दों पर केंद्रित होगी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान किसी भी बड़े समझौते के फाइनल होने की संभावना कम है, लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच पिछले महीनों में चल रही व्यापार वार्ताओं की प्रगति पर भी चर्चा होगी। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हाल ही में एक अमेरिकी टीम ने भारत का दौरा किया था और दोनों पक्षों के बीच “गहन और सकारात्मक बातचीत” हुई थी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले हफ्तों में बातचीत और तेज हो सकती है।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि भारत और अमेरिका की अर्थव्यवस्थाएं अलग प्रकृति की हैं, जिसके कारण व्यापार समझौते में कई तकनीकी और नीतिगत चुनौतियां सामने आती हैं। इसलिए G7 समिट में डील फाइनल होने की संभावना नहीं है, लेकिन यह बैठक आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया के आधिकारिक दौरे पर रवाना हो चुके हैं। वे G7 समिट में भाग लेने के साथ-साथ फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
यह दौरा वैश्विक मंच पर भारत की कूटनीतिक सक्रियता और बढ़ते प्रभाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।