Knews Desk- सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो ने भारतीय मूल की अमेरिकी प्लास्टिक सर्जन डॉ. करिश्मा रेड्डी को चर्चा में ला दिया है। अपनी संस्कृति से जुड़ा एक निजी अनुभव साझा करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर नस्लवादी और भारत-विरोधी टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद डॉक्टर ने एक नया वीडियो जारी कर अपना दर्द बयां किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
डॉ. करिश्मा रेड्डी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई के दौरान जॉर्जिया के एक छोटे शहर में हुई एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक मरीज ने उनकी पहचान और संस्कृति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा था।
हालांकि, वीडियो पोस्ट करने के बाद मामला और बढ़ गया। कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने भारत, भारतीय संस्कृति और उनकी बिंदी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। कुछ यूजर्स ने तो उन्हें भारत लौट जाने तक की सलाह दे डाली।
‘ऐसा भारत-विरोधी माहौल पहले कभी नहीं देखा’
लगातार मिल रही नफरत भरी प्रतिक्रियाओं के बाद डॉ. रेड्डी ने एक और वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में जन्म लेने और वहीं पले-बढ़ने के बावजूद उन्हें अपनी भारतीय पहचान की वजह से इस तरह के व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।
https://www.instagram.com/reel/DbHFptEpXYy/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=MzRlODBiNWFlZA==
उन्होंने कहा कि अपने जीवन में उन्होंने पहली बार इतना भारत-विरोधी और नफरत से भरा माहौल महसूस किया है। वीडियो में उन्होंने हिंदू परंपराओं और गोवंश से जुड़े कई भ्रमों पर भी अपनी बात रखी और लोगों से एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान करने तथा प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
सोशल मीडिया पर मिला भरपूर समर्थन
जहां कुछ लोगों ने नफरत फैलाने की कोशिश की, वहीं बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स डॉ. करिश्मा रेड्डी के समर्थन में सामने आए। लोगों ने उनके संयमित जवाब और सकारात्मक सोच की सराहना की। कई यूजर्स ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों के साथ नस्ल और संस्कृति के आधार पर भेदभाव करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।