SCO समिट में पीएम मोदी और ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान की अहम मुलाकात, युद्ध के बाद पहली बार आमने-सामने बातचीत

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पीएम मोदी ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से द्विपक्षीय मुलाकात की. फरवरी 2026 में ईरान-अमेरिका संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने बैठक है.

Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किर्गिस्तान में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से मुलाकात की. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान से जुड़े क्षेत्रीय घटनाक्रमों के बीच दोनों नेताओं की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है.

मोदी और पेजेशकियान की इससे पहले मुलाकात 2024 में रूस के कजान में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी. इसके बाद फरवरी 2026 में ईरान-अमेरिका संघर्ष शुरू हुआ. युद्ध के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली द्विपक्षीय बैठक है.

हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात, क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई होगी. होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की ओर से की गई नाकेबंदी का मुद्दा भी चर्चा में आने की संभावना जताई जा रही है.

भारत ने ईरान के साथ बातचीत जारी रखी

ईरान और भारत के बीच तनाव के दौर में भी राजनयिक स्तर पर बातचीत जारी रही है. संघर्ष के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के ईरान के साथ मित्रवत संबंधों को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया था. बताया जा रहा है कि ईरानी राष्ट्रपति अगले महीने BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत का दौरा भी कर सकते हैं.

SCO सम्मेलन में कई देशों के नेता शामिल

बिश्केक में हो रहे SCO शिखर सम्मेलन में 17 देशों के नेता हिस्सा ले रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी सम्मेलन में मौजूद हैं. पीएम मोदी ने सम्मेलन के दौरान आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान से भी मुलाकात की.

ईरानी दूतावास ने साझा की मुलाकात की जानकारी

भारत में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दोनों नेताओं की मुलाकात से जुड़ी जानकारी साझा की. दूतावास के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने किर्गिस्तान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बातचीत की. पेजेशकियान SCO और Shanghai Plus शिखर सम्मेलनों में शामिल होने के लिए बिश्केक पहुंचे हैं.

बिश्केक रवाना होने से पहले क्या बोले थे पेजेशकियान?

किर्गिस्तान रवाना होने से पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा था कि उनका देश युद्ध नहीं चाहता, लेकिन किसी भी हमले का जवाब मजबूती और दृढ़ता से देगा. उन्होंने क्षेत्र में अस्थिरता को सभी देशों के लिए नुकसानदायक बताया था. साथ ही आर्थिक और सुरक्षा से जुड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया था.

पेजेशकियान ने SCO बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि इसमें क्षेत्र के अधिकांश नेता शामिल होंगे. उनके मुताबिक, यह बैठक दुनिया में अलग-अलग और स्वतंत्र आवाजों के अस्तित्व को सामने रखने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *