याह्या सिनवार के बाद हमास की कमान खलील अल-हया के हाथों, चुना गया नया प्रमुख

हमास ने लंबे इंतजार के बाद अपने नए नेतृत्व का ऐलान कर दिया है। संगठन ने खलील अल-हया को अपना नया प्रमुख नियुक्त किया है। वह याह्या सिनवार की जगह लेंगे, जिनकी अक्टूबर 2024 में इजरायली सैन्य कार्रवाई में मौत हो गई थी। सिनवार की मौत के बाद हमास में नेतृत्व का संकट बना हुआ था।

Knews Desk- इजराइल और अमेरिका की ओर से हमास को कमजोर किए जाने के दावों के बीच संगठन ने अपनी नई लीडरशिप का ऐलान किया है। हमास ने सोमवार को बताया कि खलील अल-हया को आंतरिक चुनाव प्रक्रिया के जरिए नया नेता चुना गया है। इससे पहले वह संगठन की पांच सदस्यीय अस्थायी नेतृत्व परिषद का हिस्सा थे, जिसे युद्ध के दौरान हमास के संचालन के लिए बनाया गया था।

हमास के बयान के मुताबिक, अल-हया ने पूर्व राजनीतिक प्रमुख खालिद मेशाल को आंतरिक मतदान के बाद मात दी और संगठन की कमान संभाली। 2024 में हमास के कई बड़े नेताओं की मौत के बाद अल-हया का प्रभाव संगठन के भीतर तेजी से बढ़ा था।

याह्या सिनवार और हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ की मौत के अलावा, ईरान की राजधानी तेहरान में इस्माइल हानिया की हत्या के बाद संगठन को नए नेतृत्व की तलाश थी। इसके बाद पांच सदस्यीय नेतृत्व परिषद को जिम्मेदारी दी गई थी, जो अब तक संगठन के फैसले ले रही थी।

कौन हैं खलील अल-हया?

खलील अल-हया का जन्म 1960 में गाजा पट्टी में हुआ था। वह 1987 में हमास की स्थापना के समय से ही संगठन से जुड़े रहे हैं। समय के साथ वह हमास के राजनीतिक और कूटनीतिक मामलों में एक प्रमुख चेहरा बनकर उभरे।

अल-हया लंबे समय से कतर में रहकर संगठन के बाहरी राजनीतिक संपर्कों को संभालते रहे हैं। कतर को हमास और इजराइल के बीच बातचीत तथा संघर्ष विराम समझौतों के लिए एक अहम मध्यस्थ के तौर पर देखा जाता है। अल-हया ने कई मौकों पर युद्धविराम वार्ताओं में हमास के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भी किया है।

हालांकि, इजराइली हमलों का असर उनके परिवार पर भी पड़ा है। 2014 में गाजा युद्ध के दौरान हुए एक हमले में उनके बड़े बेटे ओसामा, उनकी पत्नी और तीन बच्चों की मौत हो गई थी। वहीं, 2025 में कतर के दोहा में हुए एक हमले में उनके बेटे हुमाम समेत कई लोगों की जान चली गई थी।

खलील अल-हया की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब हमास गाजा युद्ध, नेतृत्व संकट और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच अपनी रणनीति को नए सिरे से तय करने की कोशिश कर रहा है।