अमेरिकी वीजा जल्दी दिलाने के नाम पर ठगी से सावधान, USCIS ने जारी की चेतावनी

अमेरिकी वीजा, ग्रीन कार्ड या वर्क परमिट जल्दी दिलाने का दावा करने वाली कंपनियों और वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (USCIS) ने आवेदकों को ऐसे फर्जी दावों और धोखाधड़ी से सतर्क रहने को कहा है।

Knews Desk- अमेरिका का वीजा या ग्रीन कार्ड हासिल करने की प्रक्रिया लंबी और कागजी कार्रवाई वाली हो सकती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ धोखेबाज आवेदकों को जल्द अप्रूवल या आसान प्रक्रिया का लालच देते हैं। USCIS ने ऐसी कंपनियों और वेबसाइटों के खिलाफ चेतावनी जारी की है, जो फीस लेकर वीजा, ग्रीन कार्ड या वर्क परमिट जल्द दिलाने की गारंटी देने का दावा करती हैं।

USCIS ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि कुछ कंपनियां खुद को इमिग्रेशन एक्सपर्ट बताती हैं या सरकार के साथ अपने विशेष संपर्क होने का दावा करती हैं। एजेंसी के मुताबिक, ऐसे दावों पर भरोसा करना आवेदकों के लिए नुकसानदेह हो सकता है। कोई भी व्यक्ति या कंपनी फीस लेकर अमेरिकी आव्रजन प्रक्रिया को अपनी कथित सरकारी पहुंच के आधार पर तेजी से पूरा कराने की गारंटी नहीं दे सकती।

USCIS ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदकों को एजेंसी के पास फॉर्म जमा करने के लिए किसी प्रतिनिधि की अनिवार्य जरूरत नहीं होती। व्यक्ति अपने आवेदन और फॉर्म खुद भी दाखिल कर सकता है और USCIS के सामने अपना प्रतिनिधित्व कर सकता है। हालांकि, आव्रजन कानून और प्रक्रियाएं जटिल होने के कारण जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता ली जा सकती है।

एजेंसी के अनुसार, हर व्यक्ति खुद को आव्रजन प्रतिनिधि बताकर कानूनी मदद नहीं दे सकता। आव्रजन मामलों में प्रतिनिधित्व करने के लिए अमेरिका में कानून का अभ्यास करने के लिए अधिकृत वकील योग्य हो सकते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी न्याय विभाग से मान्यता प्राप्त संगठनों के अधिकृत प्रतिनिधि भी कुछ मामलों में आवेदकों की सहायता कर सकते हैं।

USCIS ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई कंपनी या वेबसाइट वीजा, ग्रीन कार्ड अथवा वर्क परमिट जल्द दिलाने की गारंटी देती है, तो उसके दावे की अच्छी तरह जांच करें। केवल खुद को ‘इमिग्रेशन एक्सपर्ट’ बताने से किसी व्यक्ति को आवेदक का कानूनी प्रतिनिधित्व करने का अधिकार नहीं मिल जाता। ऐसे मामलों में आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेना और संभावित धोखाधड़ी की पहचान कर उसे रिपोर्ट करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *