रियाद समेत सऊदी अरब के कई इलाकों में हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। हमलों के बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है और संवेदनशील इलाकों की यात्रा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Knews Desk- ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद समेत कई इलाकों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया। हमलों के बाद रियाद में एयर रेड अलर्ट जारी किया गया। सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के मुताबिक, उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं, रियाद के मुख्य एयरपोर्ट के आसपास आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने की खबर सामने आई।
हूतियों ने दावा किया कि उसने रियाद में कई संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाया। इसके अलावा लाल सागर के प्रमुख तेल निर्यात केंद्र यान्बू में सऊदी अरामको की एक फैसिलिटी पर भी हमले का दावा किया गया। हूतियों के मुताबिक, ये कार्रवाई यमन की राजधानी सना में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की कार्रवाई के जवाब में की गई।बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी दूतावासों की ओर से कई देशों में सुरक्षा अलर्ट जारी किए गए हैं। अमेरिकी नागरिकों से ईरान, इराक, लेबनान, सीरिया, यमन और गाजा की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है। वहीं सऊदी अरब समेत कुछ अन्य देशों की यात्रा को लेकर दोबारा विचार करने और स्थानीय सुरक्षा परिस्थितियों पर नजर रखने को कहा गया है।

अमेरिका ने अपने नागरिकों से Smart Traveler Enrollment Program यानी STEP में पंजीकरण कराने की अपील भी की है। इसके जरिए विदेश में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षा से जुड़े अपडेट और आपात स्थिति में दूतावास की सूचनाएं मिल सकती हैं।हूती हमलों का असर केवल सऊदी अरब की सुरक्षा तक सीमित नहीं माना जा रहा है। पिछले कुछ समय से हूती समूह सऊदी शहरों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और लाल सागर में समुद्री गतिविधियों को निशाना बनाने की धमकी देता रहा है। ऐसे में ऊर्जा ढांचे और समुद्री व्यापार को लेकर भी चिंता बढ़ी है। लाल सागर वैश्विक समुद्री व्यापार का एक महत्वपूर्ण मार्ग है और यहां किसी भी बड़े व्यवधान का असर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर पड़ सकता है।
अमेरिका ने यह भी चेतावनी दी है कि ईरान और उसके समर्थक संगठनों की ओर से अमेरिकी नागरिकों, कारोबार और राजनयिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने का खतरा बना हुआ है। बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सैन्य गतिविधियां भी चर्चा में हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कैंप डेविड दौरा तय समय से पहले समाप्त हुआ, जबकि अमेरिकी बॉम्बर के ब्रिटेन स्थित एयरबेस से रवाना होने की जानकारी भी सामने आई है।इस बीच सऊदी अरब में सुरक्षा एजेंसियां संभावित नए हमलों को रोकने के लिए सतर्क हैं। हूती हमलों और पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच आने वाले दिनों में क्षेत्रीय सुरक्षा, तेल आपूर्ति और लाल सागर की शिपिंग पर दुनिया की नजर बनी रहेगी।