100 करोड़ से CSJMU में बनेगा 250 बेड का अस्पताल: ऑपरेशन थिएटर से MRI तक की सुविधाएं होंगी, 9 जुलाई को राज्यपाल करेंगी शिलान्यास

Knews Desk- कानपुर के छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में जल्द ही 250 बेड का अत्याधुनिक मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल बनेगा। करीब 100 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का शिलान्यास 9 जुलाई को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। अस्पताल का निर्माण दो चरणों में होगा और इसे एक साल के भीतर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

CSJMU में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के बारे में जानकारी देते कुलपति प्रो. विनय पाठक।
CSJMU में मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के बारे में जानकारी देते कुलपति प्रो. विनय पाठक

49 करोड़ रुपए की लागत से 118 बेड का होगा अस्पताल

कुलपति प्रो. विनय पाठक ने बताया कि पहले चरण में 49 करोड़ रुपएकी लागत से 118 बेड का तीन मंजिला अस्पताल ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके शुरू होते ही ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। दूसरे चरण में 51 करोड़ रुपएकी लागत से 132 बेड का दूसरा तीन मंजिला ब्लॉक बनाया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के पुनर्वास केंद्र की दूसरी और तीसरी मंजिल का भी निर्माण कराया जाएगा।

अस्पताल में मिलेगी यह सुविधाएं

अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई, सैंपल कलेक्शन और पंचकर्म सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ कानपुर समेत आसपास के कई जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

अस्पताल का नक्शा हो चुका है तैयार

स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. प्रवीन कटियार ने बताया कि अस्पताल का नक्शा तैयार हो चुका है। अस्पताल बनने से पैरामेडिकल छात्रों को क्लीनिकल इंटर्नशिप और व्यावहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। साथ ही विश्वविद्यालय में जल्द ही बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम भी शुरू किया जाएगा।