KNEWS DESK – स्टैंडअप कॉमेडी शो में की गई एक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाले वीडियो के बाद आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए कॉमेडियन प्रणित मोरे और शो में मौजूद हिमांशु जांगरा को नोटिस जारी किया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने दोनों को निर्धारित तारीख पर आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आयोग का मानना है कि वायरल वीडियो में की गई टिप्पणियां महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और असंवेदनशील मानी जा सकती हैं, इसलिए मामले की विस्तृत जांच आवश्यक है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष ने हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही पुलिस से निर्धारित समय सीमा के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है, जिसमें अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
आयोग ने पुलिस प्रशासन से यह भी पूछा है कि क्या इस मामले में किसी कानूनी प्रावधान के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, वायरल वीडियो की जांच किस स्तर तक पहुंची है और कार्यक्रम के आयोजकों व अन्य संबंधित पक्षों की भूमिका की समीक्षा की गई है या नहीं। इसके अलावा वीडियो की प्रामाणिकता और उससे जुड़े तथ्यों की पुष्टि करने के लिए भी जानकारी मांगी गई है।
दरअसल, यह विवाद गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान सामने आया था। कार्यक्रम में बातचीत के दौरान एक युवक ने अपनी डेटिंग लाइफ से जुड़ा अनुभव साझा किया था। इसी बातचीत का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इसे लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई। कुछ लोगों ने इसे अनुचित बताया, जबकि कुछ ने इसे कॉमेडी शो के संदर्भ में देखा। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अब यह मामला आधिकारिक जांच के दायरे में आ गया है और सभी की नजरें आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।