Knews Desk – ‘द पैराडाइज’ को एडवांस बुकिंग से जिस तरह के कलेक्शन की उम्मीद की जा रही थी, उस लिहाज से फिल्म की कमाई थोड़ी कम रही है और यह 2026 की कई हाईएस्ट ओपनिंग डे ग्रॉसर फिल्मों से पीछे रह गई है। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म नानी के अब तक के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग डे ग्रॉसर बन गई है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द पैराडाइज’ ने पेड प्रिव्यू के जरिए रिलीज से पहले ही 11.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। इसके बाद फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 34.65 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह फिल्म का ओपनिंग डे नेट कलेक्शन 46.25 करोड़ रुपये रहा। वहीं फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में पहले दिन 54.90 करोड़ रुपये कमाए।
ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म को अच्छा फायदा मिला और यहां से करीब 22 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। इसके साथ ही फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 76.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस शानदार शुरुआत के साथ नानी ने अपनी पिछली फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने ‘दसारा’, ‘हिट: द थर्ड केस’ और ‘सरिपोधा सनिवारम’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
‘द पैराडाइज’ से 100 करोड़ रुपये के कलेक्शन की उम्मीद जताई जा रही थी। नानी ने फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज नहीं किया था। उनका मानना था कि फिल्म को लेकर किया गया प्रमोशन इसे लेकर बज बनाने के लिए काफी है। रिलीज के बाद फिल्म को मिली शुरुआत से यह साफ है कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छी दिलचस्पी बनी हुई है।
हालांकि, 2026 की टॉप ओपनिंग डे वर्ल्डवाइड फिल्मों की बात करें तो ‘द पैराडाइज’ अभी कई फिल्मों से पीछे है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लिस्ट में पहले नंबर पर ‘धुरंधर 2’ है, जिसने ओपनिंग डे पर 238.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद यश की ‘टॉक्सिक’ ने दुनियाभर में पहले दिन 150 करोड़ रुपये कमाए थे।
तीसरे नंबर पर राम चरण की ‘पेड्डी’ रही, जिसने ओपनिंग डे पर दुनियाभर में 135.36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद प्रभास की ‘द राजा साब’ ने पहले दिन 101 करोड़ रुपये कमाए थे। पांचवें नंबर पर थलपति विजय की ‘जन नायक’ रही, जिसने ओपनिंग डे पर करीब 80 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था।
अब ‘द पैराडाइज’ ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत कर ली है। फिल्म की असली परीक्षा आने वाले दिनों में होगी और देखना होगा कि नानी की यह फिल्म अपनी शानदार ओपनिंग को आगे कितनी मजबूती से कायम रख पाती है।