Rise And Fall 2: स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला में तीखी बहस, पति फहद अहमद तक पहुंची बात

‘राइज एंड फॉल’ सीजन 2 की शुरुआत होते ही कंटेस्टेंट्स के बीच नोक-झोंक और तीखी बहसों को लेकर शो चर्चा में आ गया है। इस सीजन में कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं और शुरुआत से ही घर का माहौल गर्म दिखाई दे रहा है। दूसरे एपिसोड में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच ऐसी जुबानी जंग देखने को मिली, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे के करियर पर भी टिप्पणी की। इसी दौरान शहजाद ने स्वरा के पति फहद अहमद का जिक्र कर दिया।

Knews Desk – शो के हालिया एपिसोड में होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने शहजाद से पूछा कि वह स्वरा से बात क्यों नहीं कर रहे हैं। इस पर शहजाद ने कहा, “मेरी आवाज दबाने वाला कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ है।” शहजाद की यह बात सुनकर स्वरा जोर से हंसने लगीं। इसके बाद शहजाद ने कहा, “मैं इग्नोर करता हूं।”

दोनों के बीच चल रही नोक-झोंक धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई। इसी दौरान स्वरा ने शहजाद पर तंज कसते हुए कहा, “ये कोई चुनाव नहीं है।” इसके बाद उन्होंने शहजाद के राजनीतिक करियर पर भी टिप्पणी की।

स्वरा ने कहा, “इनका डूबता हुआ राजनीतिक करियर यहां से उज्ज्वल नहीं होने वाला है।” स्वरा की इस टिप्पणी पर शहजाद ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, “मेरे करियर की चिंता मत कीजिए। अपने पति की चिंता कीजिए।”

https://www.instagram.com/reels/Ddx-VtDOW_r/

शहजाद के इस जवाब के बाद बातचीत व्यक्तिगत होती दिखाई दी। हालांकि, स्वरा ने इस मुद्दे को आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए कहा, “मैं इस तरह की कीचड़-पट्टी में नहीं पड़ना चाहती।”

फहद अहमद का जिक्र क्यों आया?

शहजाद के बयान को स्वरा भास्कर के पति फहद अहमद के राजनीतिक करियर से जोड़कर देखा जा रहा है। फहद अहमद राजनीति में सक्रिय रहे हैं और समाजवादी पार्टी के पूर्व युवा नेता भी रह चुके हैं। उन्होंने 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुंबई की अणुशक्ति नगर सीट से NCP (शरदचंद्र पवार) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चुनावी राजनीति में आने से पहले फहद छात्र आंदोलनों में भी सक्रिय रहे हैं।

इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते शहजाद का “अपने पति की चिंता कीजिए” वाला बयान चर्चा में आ गया। हालांकि, शो में दोनों के बीच हुई बहस आगे किस दिशा में जाती है, यह आने वाले एपिसोड्स में ही पता चलेगा।

‘राइज एंड फॉल 2’ में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के अलावा कुल 15 कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया है। शो की शुरुआत में ही दोनों के बीच हुई यह बहस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। आने वाले एपिसोड्स में कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्तों, बहसों और टकराव का सिलसिला और देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *