KNEWS DESK – टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘कुमकुम भाग्य’ फेम अभिनेत्री संचिता मछिंद्र उगले ने महज 22 साल की उम्र में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस खबर के सामने आने के बाद मनोरंजन जगत और उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। हालांकि, अभिनेत्री के इस कदम के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ पाई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 14 जून की शाम करीब 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय संचिता अपने घर पर अकेली थीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। इसके बाद संचिता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में अकोले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभिनेत्री के पिता की शिकायत पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि परिवार की ओर से किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण मौत के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है।
संचिता उगले टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ में नजर आ चुकी थीं। इसके अलावा उन्होंने विकी कौशल की फिल्म ‘छावा’ में भी काम किया था। कम उम्र में उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली थी। अभिनेत्री की एक करीबी दोस्त ने दावा किया है कि संचिता पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, दोस्तों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। भारत में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर 24×7 सहायता उपलब्ध है।