अनंत सिंह के घर पहुंचे खेसारी लाल यादव, बेटी शिवांगी से अंग्रेजी में बातचीत का वीडियो वायरल

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो गया है। इसी बीच भोजपुरी अभिनेता और सिंगर खेसारी लाल यादव अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां स्थित घर पहुंचे। यहां शिवांगी से उनकी मुलाकात का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अंग्रेजी बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव का भोजपुरी अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।

Knews Desk – शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है और इससे पहले शादी से जुड़ी रस्मों का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी बीच खेसारी लाल यादव 19 नवंबर को अनंत सिंह के घर पहुंचे और परिवार को शादी की शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि अनंत सिंह ने 20 नवंबर के तिलक कार्यक्रम के लिए खेसारी लाल यादव को वीडियो कॉल के जरिए आमंत्रित किया था, लेकिन दोनों दिनों में व्यस्तता के चलते खेसारी लाल 19 नवंबर को ही उनके घर पहुंच गए।

अनंत सिंह जब खेसारी लाल यादव को घर के अंदर ले जा रहे थे, तभी उनकी बेटी शिवांगी वहां पहुंचीं और उन्होंने अंग्रेजी में खेसारी लाल यादव का स्वागत किया। पहले खेसारी लाल ने हंसते हुए उनका जवाब दिया। इसके बाद जब बातचीत अंग्रेजी में आगे बढ़ी तो शिवांगी ने उनसे पूछा, “यू कमिंग हियर फॉर द फर्स्ट टाइम?” इस पर खेसारी लाल ने अपने मजेदार अंदाज में भोजपुरी में जवाब दिया, “अब एतना अंग्रेजी बोलबू त हमरा ना बुझाई।”

खेसारी लाल यादव के इस जवाब के बाद वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे। इसके बाद शिवांगी ने हिंदी में उनसे पूछा कि आप यहां पहली बार आए हैं अंकल। इस पर खेसारी लाल ने जवाब दिया कि हां, पहली बार आ रहा हूं।

वीडियो में शिवांगी पहले खेसारी लाल यादव को नमस्ते करती हैं और खेसारी भी उन्हें नमस्ते करते हैं। इसके बाद शिवांगी अंग्रेजी में कहती हैं, “आई वाज सो एक्साइटेड टू मीट यू।” इस पर खेसारी लाल हंसते हुए थैंक्यू कहते हैं। शिवांगी आगे उनका स्वागत करते हुए “कम, मोस्ट वेलकम” कहती हैं और फिर उनसे पहली बार आने को लेकर सवाल करती हैं।

खेसारी लाल यादव अपने मजेदार अंदाज के लिए जाने जाते हैं और इस मुलाकात के दौरान भी उनका यही अंदाज देखने को मिला। शिवांगी के साथ हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग खेसारी लाल के भोजपुरी जवाब पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को नदवां गांव में होनी है। इससे पहले 20 नवंबर को तिलक का कार्यक्रम रखा गया था। शादी को लेकर अनंत सिंह के घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो गया है और परिवार में जश्न का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *