370 रुपये की बिरयानी वाला बयान देने वाले हिमांशु की गई नौकरी, प्रणित मोरे ने डिलीट किया इंस्टाग्राम अकांउट

KNEWS DESK- गुरुग्राम में आयोजित एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो के दौरान दिया गया एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़े विवाद का कारण बन गया। इस विवाद के केंद्र में 22 वर्षीय वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा हैं, जिन्हें उनकी कंपनी ने नौकरी से हटा दिया है।

मामला उस समय शुरू हुआ जब एक लाइव कॉमेडी शो में दर्शकों से बातचीत के दौरान हिमांशु जांगड़ा ने अपने एक डेटिंग अनुभव का जिक्र किया। बातचीत के दौरान की गई उनकी टिप्पणी को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और असंवेदनशील बताया। कार्यक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो गया और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी व्यापक आलोचना होने लगी।

विवाद बढ़ने के बाद शो के होस्ट और स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि दर्शक द्वारा की गई टिप्पणी उनके विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करती और उन्हें उस समय बेहतर प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। साथ ही उन्होंने संबंधित वीडियो को हटाने की जानकारी भी दी। साथ ही प्रणित मोरे ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया है।

इस बीच, हिमांशु जांगड़ा की कंपनी स्टारविक डिजाइन ने भी मामले की समीक्षा की। कंपनी के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने कहा कि आंतरिक जांच में कर्मचारी के खिलाफ कार्यस्थल पर किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। सहकर्मियों ने उनके व्यवहार को पेशेवर और सम्मानजनक बताया। इसके बावजूद कंपनी का मानना था कि वायरल विवाद का असर संगठन की छवि और कार्यस्थल के माहौल पर पड़ रहा है, इसलिए उनसे अलग होने का फैसला लिया गया।

मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। यूट्यूबर एल्विश यादव ने बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरे विवाद पर टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने कॉमेडियन प्रणित मोरे और विवाद से जोड़कर देखा।

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और ऑनलाइन व्यवहार, सहमति तथा सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार अभिव्यक्ति को लेकर बहस जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *