KNEWS DESK – ‘370 रुपये की बिरयानी’ वाले विवाद के बाद चर्चा में आए हिमांशु जांगड़ा ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोलिंग और नौकरी जाने के बाद हिमांशु ने कहा कि पिछले दो हफ्ते उनके जीवन के सबसे मुश्किल दिनों में से रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि शो में कही गई कुछ बातें गलत थीं और उन्हें इसका पछतावा है।
दरअसल, कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक स्टैंड-अप शो में हिमांशु जांगड़ा ने डेटिंग से जुड़ा एक विवादित किस्सा सुनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई। मामला इतना बढ़ा कि गुड़गांव स्थित उनकी कंपनी स्टारविक डिजाइन ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
‘मेरी हालत बहुत खराब है’
स्टारविक डिजाइन के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा के साथ बातचीत में हिमांशु ने कहा कि ट्रोलिंग का असर सिर्फ उन पर ही नहीं, बल्कि उनके परिवार पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में घरवालों को इस विवाद की जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में जब रिश्तेदारों और पड़ोसियों तक यह बात पहुंची तो परिवार काफी परेशान हो गया।
हिमांशु ने कहा, “जब मेरे माता-पिता को पता चला कि मेरी नौकरी भी चली गई है, तो वे बहुत दुखी हो गए। अब उन्हें देखकर मुझे सबसे ज्यादा पछतावा होता है।”
शो में सुनाई कहानी को बताया ‘इम्प्रोवाइज’
हिमांशु ने कहा कि शो में जो कहानी उन्होंने सुनाई थी, वह पूरी तरह सच्ची नहीं थी। उनके मुताबिक, मंच पर माहौल के हिसाब से उन्होंने कहानी को इम्प्रोवाइज किया था ताकि लोगों का मनोरंजन हो सके।
उन्होंने माना कि कुछ शब्दों का चयन गलत था और उसी वजह से विवाद खड़ा हुआ। हिमांशु ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी का अपमान करना नहीं था और उन्हें अपनी बातों पर अफसोस है।
क्या था पूरा मामला?
प्रणित मोरे के शो में हिमांशु ने दावा किया था कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गए थे, जहां उन्होंने चिकन बिरयानी पर 370 रुपये खर्च किए थे। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्हें अपने इस ‘इनवेस्टमेंट’ का रिटर्न चाहिए। इसी टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया।
NCW ने भेजा नोटिस
मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा दोनों को नोटिस जारी कर दिया। दोनों को 22 जून को आयोग के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इसके अलावा मामले में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है।
फिलहाल हिमांशु का कहना है कि वह अपनी गलती स्वीकार करते हैं और चाहते हैं कि लोग उनके पक्ष को भी समझें। वहीं सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर बहस अब भी जारी है।