KNews Desk: बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन इन दिनों मुंबई की भागदौड़ और फिल्मों की चकाचौंध से दूर बिल्कुल देसी अंदाज में नजर आ रहे हैं। एक्टर ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह खेत में काम करते और धान की रोपाई करते दिखाई दे रहे हैं। वरुण का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है और उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

वरुण धवन ने इन तस्वीरों को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘खेती शुरू।’ तस्वीरों में वरुण सफेद कपड़ों में हाथ में फावड़ा लिए नजर आ रहे हैं। वहीं, कुछ तस्वीरों में वह कीचड़ के बीच धान की रोपाई करते दिखाई दे रहे हैं। बॉलीवुड स्टार का यह देसी और सादगी भरा अंदाज फैंस का ध्यान खींच रहा है।
फैंस ने किए मजेदार कमेंट
वरुण की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस भी उनके इस नए अंदाज पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘हैंडसम किसान नजर आया।’ वहीं, दूसरे फैन ने लिखा, ‘खेती विच चिल करदा।’ इसके अलावा कई यूजर्स ने भी मजेदार और तारीफ भरे कमेंट किए।

हालांकि, वरुण धवन ने खेती की तस्वीरें शेयर जरूर की हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी है। एक्टर फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं और खेत से जुड़ी उनकी पोस्ट उनके निजी जीवन के एक अलग पहलू को दिखाती है।
पहले भी खेत खरीदने की बात बता चुके हैं वरुण
वरुण धवन कुछ समय पहले ही अपने फैंस को बता चुके हैं कि उन्होंने एक खेत खरीदा है। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी कामयाबियों में से एक बताया था। इस दौरान वरुण ने खेत में चाय और बिस्किट का आनंद लेते हुए एक वीडियो भी शेयर किया था।

वीडियो में उन्होंने बताया था कि उन्होंने खेत खरीदा है और इस मौसम में वहां खड़े होकर चाय-बिस्किट खाने का अनुभव उन्हें काफी पसंद आ रहा है। अब खेत में काम करते हुए उनकी नई तस्वीरों से साफ है कि वह इस जगह पर सिर्फ आराम करने ही नहीं, बल्कि खेती के काम को भी करीब से अनुभव कर रहे हैं।
इन फिल्मों में नजर आ सकते हैं वरुण

वरुण धवन के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह पिछली बार फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आए थे। वहीं, आने वाले समय में वह यश राज फिल्म्स की पहली हॉरर फिल्म में दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, इस फिल्म की कहानी और टाइटल को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
ऐसे में वरुण का खेती करते हुए यह अंदाज उनके फैंस के लिए जरूर दिलचस्प है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में एक्टर का यह देसी लुक और खेत में काम करने का अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।