Zero कट के साथ पास हुई ‘दृश्यम 3’, जानिए कितनी लंबी है मोहनलाल की फिल्म

KNEWS DESK – मोहनलाल की मोस्ट अवेटेड सस्पेंस थ्रिलर ‘दृश्यम 3’ आखिरकार 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म के पहले दो पार्ट को दर्शकों ने जबरदस्त प्यार दिया था और अब तीसरे पार्ट को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज़ से पहले फिल्म को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। सेंसर बोर्ड ने ‘दृश्यम 3’ को बिना किसी बड़े कट के पास कर दिया है।

सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी CBFC ने फिल्म के मलयालम, तेलुगू, तमिल और कन्नड़ वर्जन को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि फिल्म को लगभग जीरो कट के साथ सर्टिफिकेट मिला है। तिरुवनंतपुरम स्थित सीबीएफसी कार्यालय ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया है।

हालांकि सेंसर बोर्ड ने कुछ छोटे बदलाव सुझाए हैं। ओरिजिनल मलयालम वर्जन में सिगरेट पीने से जुड़े स्वास्थ्य चेतावनी कार्ड लगाने को कहा गया है। वहीं कन्नड़ डब वर्जन में शराब से जुड़ी चेतावनी जोड़ने की सलाह दी गई है। इसके अलावा तेलुगू डब वर्जन में एक गाली को म्यूट किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने इन बदलावों को तुरंत लागू कर दिया, जिसके बाद 11 मई को मलयालम वर्जन और 15 मई को बाकी डब वर्जन को सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया। सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार फिल्म की कुल लंबाई 2 घंटे 39 मिनट 5 सेकेंड है।

‘दृश्यम 3’ में एक बार फिर मोहनलाल अपने चर्चित किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ मीना, अनसीबा हसन, एस्थर अनिल और आशा शरत जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन जीतू जोसेफ ने किया है, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। फिल्म को एंटनी पेरुंबवूर ने प्रोड्यूस किया है।

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट साल 2013 में रिलीज़ हुआ था और उसने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। यह उस समय मलयालम सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी थी। इसके बाद साल 2021 में दूसरा पार्ट आया, जिसे कोविड महामारी के कारण सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज़ किया गया था। अब करीब पांच साल बाद तीसरा पार्ट बड़े पर्दे पर वापसी कर रहा है।

वहीं हिंदी दर्शकों के लिए भी अच्छी खबर है। अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम 3’ का हिंदी रीमेक भी जल्द आने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो सकती है। इस बार हिंदी वर्जन की कहानी मलयालम फिल्म से अलग बताई जा रही है। फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *