सीएम विजय ने जीता दिल, बुजुर्ग महिला को दिया अपना 40 हजार का चश्मा, VIDEO वायरल

KNEWS DESK – तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और सुपरस्टार विजय एक बार फिर अपनी सादगी और दरियादिली को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह खेतों में काम कर रही बुजुर्ग महिलाओं से मिलने के लिए अपना काफिला रुकवाते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, विजय मेट्टूर बांध के गेट खोलने और कावेरी डेल्टा में सांबा धान की खेती के लिए पानी छोड़ने के कार्यक्रम में शामिल होने सलेम पहुंचे थे। मेट्टूर हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद वह एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेतों में काम कर रही कुछ बुजुर्ग महिलाओं पर पड़ी और उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया।

बुजुर्ग महिला से पूछा- खाना खाया?

विजय खेत में पहुंचकर चेल्लम नाम की बुजुर्ग महिला से मिले। उन्होंने उनका हाथ थामा और उनका नाम पूछा। इसके बाद विजय ने उनसे पूछा कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं।

चेल्लम ने बताया कि उन्होंने अभी खाना नहीं खाया, क्योंकि वह पहले मुख्यमंत्री विजय से मिलना चाहती थीं। इसके बाद विजय ने कुछ ऐसा किया, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया।

उतारकर दे दिया अपना चश्मा

विजय ने अपना Christian Dior का चश्मा उतारा और बुजुर्ग महिला को दे दिया। उन्होंने खुद उनके चेहरे पर चश्मा पहनाया। शुरुआत में चेल्लम थोड़ी झिझकीं, लेकिन विजय के मनाने पर उन्होंने चश्मा पहन लिया।

इसके बाद दोनों ने हाथ मिलाया और चेल्लम ने विजय को अपने घर और आसपास का इलाका भी दिखाया। इस मुलाकात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि विजय ने करीब 15 मिनट तक वहां रुककर स्थानीय लोगों से बातचीत की। उन्होंने परिवार को धोती और साड़ियां भी भेंट कीं। इसके अलावा उन्होंने स्थानीय किसानों से खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत की।

सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

विजय के इस अंदाज की सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि बुजुर्ग महिला इसलिए खुश नहीं थीं कि उन्हें महंगा चश्मा मिला, बल्कि इसलिए कि वह चश्मा उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने दिया, जो उन्हें अपने बेटे जैसे लगते हैं।

एक अन्य यूजर ने विजय के इस व्यवहार को दिल जीत लेने वाला बताया।

चेल्लम ने भी मुलाकात के बाद कहा कि विजय उन्हें बिल्कुल फिल्मों में नजर आने वाले हीरो जैसे लगे। विजय का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *