Knews Desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में कंटेस्टेंट्स के चेहरे पर चढ़ा मुखौटा कितनी देर टिक सकता है? रियलिटी टीवी के तथाकथित ‘चॉकलेटी बॉय’ और ‘रोडीज’ फेम कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू के मामले में ये मुखौटा दूसरे ही हफ्ते में तार-तार हो गया है। खुद को एकदम सिंगल, बेपरवाह और नए कनेक्शन तलाशने वाला बैचलर दिखाकर घर में दाखिल हुए गुल्लू का एक ऐसा बड़ा झूठ बेनकाब हुआ है, जिसने दर्शकों के साथ उनके फैंस को सन्न कर दिया है। अतीत में इंटरनेट पर अपनी शादी की तस्वीरों को ‘फेक’ और ‘एडवर्टाइजमेंट का झूठा स्टंट’ बताने वाले गुल्लू ने आखिरकार कैमरे के सामने कबूल कर लिया है कि वे न सिर्फ शादीशुदा थे, बल्कि 2024 में उनका बाकायदा तलाक भी हो चुका है।
दरअसल, कुछ समय पहले जब शेरवानी और सेहरे में गुल्लू की शादी की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हुई थीं, तो उन्होंने बड़े-बड़े इंटरव्यूज में बयान दिए थे कि ये तस्वीरें झूठी हैं, किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं और उनका शादी से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। इतना ही नहीं, डेटिंग रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला X6’ में भी वे खुद को अनमैरिड और सिंगल दिखाकर ही पहुंचे, जहां कायरा अनू के साथ लव-एंगल बनाकर उन्होंने ट्रॉफी जीती। ‘बिग बॉस 20’ के घर में भी उनकी एंट्री इसी ‘सिंगल और लवरबॉय’ वाली छवि के साथ हुई, जहां वे कभी लड़कियों से फ्लर्ट करते तो कभी नई केमिस्ट्री बनाने की फिराक में दिखे। लेकिन आज के एपिसोड में जब काजी तौकीर के साथ बात निकली, तो गुल्लू खुद ही अपने पुराने बयानों को झुठलाते नजर आए।
https://www.instagram.com/reels/DdmDnWbnDFE/
गुल्लू ने काजी के सामने खुलासा करते हुए कहा, “मेरा कोई मामूली ब्रेकअप नहीं हुआ था, मेरा बाकायदा तलाक हुआ था। परिवार के दबाव में आकर शादी करनी पड़ी थी, जो 4 से 5 महीने ही चल पाई। साल 2024 में हमारा तलाक हुआ।”
गुल्लू ने नेशनल टीवी पर यह भी स्वीकार किया कि जब वे गोवा में रोडीज की शूटिंग कर रहे थे, तभी उनकी शादी की ये तस्वीरें लीक हो गई थीं। उस वक्त अपनी रियलिटी शो की इमेज और करियर बचाने के चक्कर में उन्होंने मीडिया और जनता के सामने साफ झूठ बोल दिया कि यह कोई असली शादी नहीं, बल्कि फर्जी तस्वीरें हैं। अब सवाल यह उठता है कि अगर शादी वाकई हुई थी और कानूनी तलाक तक बात पहुंची थी, तो इतने दिनों तक फैंस और दर्शकों की आंखों में धूल क्यों झोंकी गई? क्या डेटिंग शोज जीतने और बिग बॉस में खुद को ‘हॉट सिंगल’ साबित करने के लिए शादी के इस सच को दबाया गया था?
काजी तौकीर के साथ बातचीत के दौरान जब शादी टूटने की असली वजह पर बात आई, तो कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू ने बताया कि उनके समुदाय और इलाके में लड़कों पर बहुत कम उम्र में ही शादी करने का भारी पारिवारिक दबाव बनाया जाता है। गुल्लू के मुताबिक, वे उस वक्त मानसिक और प्रोफेशनल तौर पर शादी जैसे बड़े बंधन के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन परिवार की जिद के आगे उन्हें झुकना पड़ा। महज 4 से 5 महीने के भीतर ही दोनों को ये अहसास हो गया कि विचारों और प्रायोरिटीज में जमीन-आसमान का फर्क है और यह रिश्ता आगे नहीं खिंच सकता। जब आपसी सहमति से अलग होने का फैसला हुआ, तो कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों को ‘कूलिंग-ऑफ पीरियड’ यानी आपसी सुलह के लिए अदालत द्वारा दिया जाने वाला 6 महीने का समय भी मिला। गुल्लू ने रिश्ते को बचाने की कोशिशें भी कीं, लेकिन जब बात नहीं बनी और परिवार से भी बगावत के हालात बन गए, तो आखिरकार 2024 में इस शादी का आधिकारिक तौर पर अंत हो गया।
गुल्लू का ये दोहरा रवैया सिर्फ उनकी निजी जिंदगी तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि घर के गेम में भी साफ झलक रहा है। अमन गांधी और यंग डीएसए के बीच जब लाइफलाइन को लेकर भयानक झगड़ा हुआ, तो गुल्लू ने बिना किसी शर्म या पछतावे के सीना ठोककर कहा कि उन्होंने ही इस आग में घी डाला था और उन्हें इसका रत्ती भर भी अफसोस नहीं है। एक तरफ अपनी झूठी कहानियों से सहानुभूति बटोरने की कोशिश और दूसरी तरफ घर में कंटेस्टेंट्स के बीच जहर घोलना… कुशाल तंवर का यह खेल अब दर्शकों की नजरों में आ चुका है। शादी और तलाक जैसे गंभीर रिश्ते पर झूठ बोलकर रियलिटी शोज की सीढ़ियां चढ़ने वाले गुल्लू की यह असलियत सामने आने के बाद, अब देखना होगा कि वीकेंड के वार पर सलमान खान उनके इस दोहरेपन की कैसी क्लास लगाते हैं।