Knews Desk– बॉलीवुड की पॉपुलर कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली’ के दूसरे पार्ट को लेकर फैंस के बीच एक्साइटमेंट बढ़ती जा रही है। फिल्म को लेकर लगातार नए अपडेट सामने आ रहे हैं और अब इसकी कास्ट में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर ‘मालामाल वीकली 2’ का हिस्सा बनने जा रही हैं। खास बात ये है कि इस फिल्म के जरिए शिल्पा करीब 26 साल बाद बड़े पर्दे पर बॉलीवुड में वापसी करेंगी।‘मालामाल वीकली 2’ पर लंबे समय से काम चल रहा है। इस साल की शुरुआत में फिल्म को लेकर जानकारी सामने आई थी कि मेकर्स इसके दूसरे पार्ट की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद अप्रैल 2026 में खबर आई कि ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ के डायरेक्टर अमित जोशी को इस कॉमेडी फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद फिल्म की कास्ट को लेकर भी कई बड़े अपडेट सामने आए। परेश रावल की फिल्म में एंट्री पहले ही कंफर्म हो चुकी है, जबकि हाल ही में रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की खबर सामने आई थी।
अब बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, शिल्पा शिरोडकर ने भी ‘मालामाल वीकली 2’ साइन कर ली है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि शिल्पा को फिल्म की कहानी और उनका किरदार काफी पसंद आया। मेकर्स भी काफी समय से उन्हें फिल्म में कास्ट करना चाहते थे। हालांकि, शिल्पा ने लंबे समय से कोई बॉलीवुड फिल्म साइन नहीं की थी। उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिल रहे थे, लेकिन उन्होंने किसी प्रोजेक्ट के लिए हामी नहीं भरी। अब ‘मालामाल वीकली 2’ की कहानी पसंद आने के बाद उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनने का फैसला किया है।शिल्पा शिरोडकर का यह कमबैक इसलिए भी खास है क्योंकि वह आखिरी बार साल 2000 में रिलीज हुई फिल्म ‘गज गामिनी’ में बड़े पर्दे पर नजर आई थीं। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर कलाकार एमएफ हुसैन ने किया था। इसके बाद शिल्पा ने फिल्मों से लंबा ब्रेक ले लिया। अब 26 साल बाद वह फिर से हिंदी सिनेमा में वापसी करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, साल 2020 में उनकी फिल्म ‘गन्स ऑफ बनारस’ में नजर आने की खबर थी, लेकिन यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी।
‘मालामाल वीकली 2’ की कहानी को लेकर भी एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म पहले पार्ट की सीधी कहानी को आगे नहीं बढ़ाएगी। यानी इसे डायरेक्ट सीक्वल के बजाय एक नई कहानी के तौर पर बनाया जाएगा। फिल्म में नए किरदार और नया लोकेशन देखने को मिलेगा, लेकिन इसका कॉमेडी और लालच वाला बेस पहले पार्ट जैसा ही रहने वाला है।कहानी में एक बार फिर लालची गांववालों का एक ग्रुप बड़ी रकम हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जाता नजर आएगा। ऐसे में फिल्म में कॉमेडी, कंफ्यूजन और लालच का मजेदार कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकता है। फिल्म में परेश रावल, रवीना टंडन, परिणीति चोपड़ा और अब शिल्पा शिरोडकर जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने इसे और खास बना दिया है।इसके अलावा शिल्पा शिरोडकर जल्द ही फिल्म ‘जटाधरा’ में भी नजर आएंगी। इस फिल्म से उनका फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है। ऐसे में लंबे ब्रेक के बाद शिल्पा शिरोडकर का बॉलीवुड में लगातार नए प्रोजेक्ट्स के साथ लौटना उनके फैंस के लिए किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं है।