KNEWS DESK – Prabhas की अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। हालांकि फिल्म की रिलीज में अभी काफी वक्त बाकी है और इसे साल 2027 में सिनेमाघरों में लाया जाएगा, लेकिन अभी से इसका बज हाई लेवल पर पहुंच चुका है। खास बात ये है कि प्रभास की इस फिल्म का नाम सुनते ही लोगों को Mohanlal की सालों पुरानी सुपरहिट फिल्म ‘स्पिरिट’ भी याद आ जाती है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी।
Sandeep Reddy Vanga के निर्देशन में बन रही प्रभास की ‘स्पिरिट’ एक बड़े स्केल की एक्शन ड्रामा फिल्म होगी। वहीं दूसरी तरफ मोहनलाल की ‘स्पिरिट’ एक सोशल मैसेज देने वाली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म थी, जिसने रिलीज के बाद दर्शकों का दिल जीत लिया था। साल 2012 में आई इस फिल्म को आज भी मलयालम सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में गिना जाता है।
मोहनलाल की ‘स्पिरिट’ का निर्देशन डायरेक्टर रंजीत ने किया था। फिल्म में मोहनलाल के साथ कनिहा और शंकर रामकृष्णन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। कहानी शराब की लत और उससे जुड़े सामाजिक मुद्दों के इर्द-गिर्द घूमती थी। फिल्म ने दर्शकों को सिर्फ एंटरटेन ही नहीं किया, बल्कि एक मजबूत संदेश भी दिया था।
कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘स्पिरिट’ का बजट करीब 4 से 5 करोड़ रुपये था, जबकि फिल्म ने लगभग 15 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यानी फिल्म ने अपने बजट से करीब तीन गुना ज्यादा बिजनेस किया था। यही वजह रही कि इसे उस साल की सबसे सफल मलयालम फिल्मों में शामिल किया गया।
फिल्म की सफलता सिर्फ कमाई तक सीमित नहीं रही। ‘स्पिरिट’ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट सोशल फिल्म का अवॉर्ड भी मिला था। इसके अलावा स्टेट लेवल पर भी फिल्म ने कई सम्मान अपने नाम किए थे। IMDb पर इस फिल्म को 7.5 की शानदार रेटिंग मिली हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहनलाल की ‘स्पिरिट’ करीब 100 दिनों तक सिनेमाघरों में चली थी। कम बजट में बनी इस फिल्म ने लंबे वक्त तक बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा था। यही वजह है कि अब जब प्रभास उसी नाम से नई फिल्म लेकर आ रहे हैं, तो फैंस की उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं।
प्रभास की ‘स्पिरिट’ को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास की जोड़ी को देखते हुए फैंस इसे बड़े स्तर की फिल्म मान रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या प्रभास की ‘स्पिरिट’ भी मोहनलाल की फिल्म की तरह इतिहास रच पाती है या नहीं।