KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नेता’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। यह फिल्म 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा को विजय के करियर की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है, जिसकी वजह से फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और ट्रेड पंडित इसके शानदार ओपनिंग कलेक्शन की उम्मीद जता रहे हैं।
रिलीज से पहले फिल्म के निर्देशक एच. विनोथ ने ‘जन नेता’ से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म का एक बेहद खास और अहम सीन खुद थलपति विजय ने डायरेक्ट किया है। यह खुलासा सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
विजय ने संभाली डायरेक्शन की कमान
एक इंटरव्यू के दौरान एच. विनोथ ने बताया कि फिल्म के पोस्ट-क्लाइमैक्स का एक खास सीक्वेंस थलपति विजय ने खुद डायरेक्ट किया है। इस सीन में फिल्म इंडस्ट्री के तीन बड़े निर्देशक लोकेश कनगराज, एटली और नेल्सन दिलीपकुमार विजय के किरदार से सवाल करते हुए नजर आएंगे। डायरेक्टर के मुताबिक यह सीन फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है और दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज साबित होगा।
‘भगवंत केसरी’ से जुड़ा है फिल्म का कनेक्शन
एच. विनोथ ने फिल्म के रीमेक होने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि ‘जन नेता’ में तेलुगु फिल्म ‘भगवंत केसरी’ की कहानी का कुछ हिस्सा शामिल किया गया है। हालांकि, यह पूरी तरह से रीमेक नहीं है। उन्होंने कहा कि फिल्म में ओरिजिनल कहानी का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा ही रखा गया है। पहले भाग में इसका प्रभाव ज्यादा दिखाई देगा, जबकि दूसरे भाग में कहानी को नए तरीके से पेश किया गया है।
डायरेक्टर ने बताया कि जब उन्होंने विजय से पूछा कि इस कहानी को दोबारा बनाने की जरूरत क्यों है, तो अभिनेता ने उन्हें विस्तार से समझाया कि उन्हें ‘भगवंत केसरी’ की कहानी क्यों पसंद आई। विजय महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों को काफी अहम मानते हैं और यही वजह रही कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट में दिलचस्पी दिखाई।
आखिरी फिल्म के लिए विजय ने चुनी अलग कहानी
एच. विनोथ ने यह भी बताया कि शुरुआत में उन्होंने थलपति विजय को उनकी आखिरी फिल्म के लिए एक अलग कहानी सुनाई थी, जो दो बड़े दिमागों के बीच टकराव पर आधारित थी। लेकिन विजय को वह कहानी काफी भारी लगी और उन्होंने ‘भगवंत केसरी’ के रीमेक का सुझाव दिया।
डायरेक्टर ने कहा कि बालकृष्ण की फिल्म का अपना अलग अंदाज और दुनिया थी, लेकिन थलपति विजय की आखिरी फिल्म होने के कारण वह इस मौके को छोड़ना नहीं चाहते थे।
‘जन नेता’ में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं ममिता बैजू और बॉबी देओल भी अहम किरदार निभा रहे हैं। केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस बड़े बजट की फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। अब सभी की नजर फिल्म की रिलीज और बॉक्स ऑफिस पर इसके प्रदर्शन पर टिकी हुई है।