झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. सोमवार को विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इसी बीच एक युवक फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार के अंदाज में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचा और छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी.
Knews Desk- रांची में छात्रों का आंदोलन अब लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए जुटे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के बीच प्रदर्शन स्थल पर एक युवक का अलग अंदाज देखने को मिला. युवक फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार के गेटअप में पहुंचा था. उसका लुक फिल्म के किरदार से काफी मिलता-जुलता नजर आया.
युवक ने ‘पुष्पा’ के अंदाज में छात्रों के समर्थन में कहा कि झारखंड के छात्र न झुकेंगे और न ही पीछे हटेंगे. उसका कहना था कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा.
युवक ने बताया कि वह खास तौर पर छात्रों के आंदोलन की ओर लोगों और राष्ट्रीय मीडिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए इस रूप में यहां पहुंचा है. उसका कहना था कि देश के दूसरे छात्र आंदोलनों में भी फिल्मी सितारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है. ऐसे में झारखंड के छात्रों के साथ भी भेदभाव नहीं होना चाहिए.
‘पुष्पा’ के साथ दिखा ‘स्पाइडर-मैन’
प्रदर्शन स्थल पर सिर्फ ‘पुष्पा’ का अंदाज ही चर्चा में नहीं रहा. एक युवक ‘स्पाइडर-मैन’ के रूप में भी नजर आया. अलग-अलग फिल्मी और लोकप्रिय किरदारों का रूप अपनाकर प्रदर्शन में पहुंचने का मकसद आंदोलन को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना माना जा रहा है.
JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अन्य मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन करीब 18 दिनों से जारी है. सोमवार को हजारों छात्र विधानसभा मार्च के लिए जुटे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया.
प्रदर्शन के बीच बड़ी संख्या में छात्र खेतों और कच्चे रास्तों से होते हुए विधानसभा भवन के करीब तक पहुंच गए. बताया गया कि प्रदर्शनकारी नए विधानसभा भवन से करीब 200 मीटर की दूरी तक पहुंचने में सफल रहे.
मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही. इसी दौरान JLKM विधायक जयराम महतो भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की. समझाने के बाद कई छात्र सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और नारेबाजी जारी रखी.
लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के बावजूद छात्रों का आंदोलन जारी है. वहीं, प्रदर्शन में ‘पुष्पा’ और ‘स्पाइडर-मैन’ जैसे किरदारों की मौजूदगी ने इसे एक अलग रंग दे दिया है.