ITEP छात्रों के लिए बड़ी खबर, CTET-STET की पात्रता में बदलाव की तैयारी

Knews Desk- नई शिक्षा नीति 2020 के तहत शुरू किए गए चार वर्षीय इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम यानी ITEP को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन यानी NCTE अब CTET और STET की पात्रता शर्तों की समीक्षा करने जा रहा है। इसके लिए एक एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी यह सुझाव देगी कि ITEP से ग्रेजुएशन करने वाले छात्रों को शिक्षक पात्रता परीक्षाओं में शामिल होने का रास्ता कैसे दिया जा सकता है।मौजूदा नियमों के अनुसार शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए संबंधित शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना जरूरी होता है। केंद्र स्तर पर CTET का आयोजन CBSE की ओर से किया जाता है, जबकि STET का आयोजन संबंधित राज्य सरकारों की ओर से किया जाता है। हालांकि, वर्तमान TET दिशानिर्देशों में ITEP को स्पष्ट रूप से पात्रता के तौर पर शामिल नहीं किया गया है।

यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ITEP का पहला बैच अकादमिक सत्र 2027-28 में ग्रेजुएट होने वाला है। NCTE ने ITEP को शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम के रूप में मान्यता दी है, लेकिन इसके छात्रों के लिए CTET और STET में शामिल होने को लेकर मौजूदा नियमों में स्पष्ट प्रावधान नहीं है। ऐसे में अब पात्रता नियमों की समीक्षा की जा रही है।ITEP क्या है, यह समझना भी जरूरी है। इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम चार साल का ग्रेजुएशन कोर्स है, जिसे 12वीं के बाद किया जा सकता है। यह कार्यक्रम नई शिक्षा नीति 2020 के तहत शुरू किया गया है। मौजूदा समय में 409 हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स को ITEP संचालित करने की मान्यता मिली हुई है। इन संस्थानों की 777 यूनिट्स के जरिए कुल 38,850 छात्रों को प्रवेश दिया जा सकता है। इसे मौजूदा दो वर्षीय B.Ed. के समकक्ष माना गया है।

NCTE की ओर से बनाई गई एक्सपर्ट कमेटी की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के पूर्व प्रमुख प्रोफेसर चंद किरण सलूजा करेंगे। कमेटी में NCERT, KVS, शिक्षा मंत्रालय, NCTE और CBSE के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।कमेटी का मुख्य काम CTET और STET के मौजूदा एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया की समीक्षा करना होगा। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि ITEP ग्रेजुएट्स को इन परीक्षाओं में शामिल करने के लिए किन नियमों में बदलाव की जरूरत है। कमेटी अपनी समीक्षा के आधार पर जरूरी संशोधनों का सुझाव देगी।अगर प्रस्तावित बदलाव लागू होते हैं तो ITEP से पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए शिक्षक बनने का रास्ता और स्पष्ट हो सकता है। हालांकि, फिलहाल यह बदलाव प्रस्ताव के स्तर पर है। अंतिम नियम और पात्रता शर्तें NCTE की समीक्षा और आगे की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *