AIAPGET 2026: आंसर-की जारी, इस तारीख तक 200 रुपये देकर कर सकेंगे आपत्ति

KNews Desk: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने AIAPGET 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी रिकॉर्ड की गई प्रतिक्रियाओं को प्रोविजनल आंसर-की से मिलाकर देख सकते हैं. अगर किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर उम्मीदवार को आपत्ति है, तो वह तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन चुनौती दर्ज करा सकता है. NTA ने आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 5 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तय की है.

उम्मीदवारों को प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 200 रुपये फीस का भुगतान करना होगा. यह फीस ऑनलाइन जमा की जा सकती है. इसके लिए उम्मीदवार डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं. NTA ने स्पष्ट किया है कि बिना फीस जमा किए भेजी गई आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा. साथ ही, निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद किसी भी आपत्ति को स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आखिरी समय का इंतजार किए बिना अपनी आपत्तियां दर्ज कर दें.NTA ने उम्मीदवारों के लिए प्रश्न पत्र और संबंधित आंसर-की भी उपलब्ध करा दी है. उम्मीदवार इन्हें देखकर अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं. अगर किसी प्रश्न या उत्तर में उन्हें गलती नजर आती है, तो वे उससे जुड़ा उचित प्रमाण देते हुए आपत्ति दर्ज कर सकते हैं. उम्मीदवारों को चुनौती दर्ज करते समय संबंधित प्रश्न और उसके उत्तर को ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है.

विशेषज्ञ करेंगे आपत्तियों की समीक्षा

उम्मीदवारों की ओर से दर्ज कराई गई सभी आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों के पैनल द्वारा की जाएगी. विशेषज्ञों की जांच के बाद अगर किसी आपत्ति को सही पाया जाता है, तो आंसर-की में जरूरी संशोधन किया जाएगा. यह बदलाव सभी उम्मीदवारों के लिए लागू होगा. इसके बाद तैयार की गई फाइनल आंसर-की के आधार पर AIAPGET 2026 का रिजल्ट तैयार किया जाएगा.NTA ने यह भी साफ किया है कि उम्मीदवारों को उनकी व्यक्तिगत आपत्ति के स्वीकार या खारिज होने के बारे में अलग से जानकारी नहीं दी जाएगी. इसलिए उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया और रिजल्ट से जुड़े अपडेट के लिए NTA तथा AIAPGET की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

22 अगस्त को हुई थी परीक्षा

AIAPGET 2026 परीक्षा का आयोजन 22 अगस्त 2026 को किया गया था. परीक्षा देशभर के 104 शहरों में करीब 205 केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT मोड में आयोजित हुई थी. इस परीक्षा में करीब 51,482 उम्मीदवार शामिल हुए थे.इसके अलावा, 49 उम्मीदवारों के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित की गई. इन उम्मीदवारों की परीक्षा 1 सितंबर 2026 को जयपुर के राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन में कराई गई थी.अब प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद उम्मीदवारों के पास अपने प्रदर्शन का आकलन करने का मौका है. आपत्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद विशेषज्ञों की समीक्षा के आधार पर फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी. इसके बाद इसी के आधार पर उम्मीदवारों का परिणाम तैयार होगा.उम्मीदवार किसी तरह की जानकारी या समस्या के लिए NTA के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा [email protected] पर ईमेल के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *