KNEWS DESK- भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन आर्मी ने साल 2026 के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भर्ती रैली की शुरुआत 6 अगस्त से होगी, जो 10 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान बरेली और सहारनपुर में अलग-अलग चरणों में युवाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आवेदन की जरूरत नहीं, सीधे रैली में पहुंचना होगा
इस बार अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। सेना की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार यह खुली भर्ती रैली होगी। इच्छुक उम्मीदवारों को तय तारीख पर अपने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ भर्ती केंद्र पहुंचना होगा। दस्तावेजों की जांच के बाद ही उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
इन पदों पर होगी भर्ती
अग्निवीर भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर क्लर्क और अग्निवीर स्पोर्ट्स कैटेगरी के पदों पर चयन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया सेना के तय नियमों और शारीरिक दक्षता सहित अन्य चरणों के आधार पर पूरी होगी।
बरेली में 6 अगस्त से शुरू होगी भर्ती रैली
बरेली के जाट रेजिमेंट सेंटर में 6 अगस्त से अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। यहां 6 अगस्त से 13 अगस्त तक अलग-अलग कैटेगरी के उम्मीदवारों की भर्ती होगी। उम्मीदवारों को अपने निर्धारित दिन सुबह 4 बजे मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।
बरेली रैली का शेड्यूल इस प्रकार है—
- 6 अगस्त: अग्निवीर स्पोर्ट्स भर्ती और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती।
- 7 अगस्त: हरियाणा के उम्मीदवारों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती।
- 8 अगस्त: उत्तर प्रदेश के जिलों के उम्मीदवारों की भर्ती।
- 10 अगस्त: बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर सहित यूपी के अन्य जिलों के उम्मीदवारों की भर्ती।
- 11 अगस्त: राजस्थान के उम्मीदवारों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती।
- 12 अगस्त: सभी राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन भर्ती।
- 13 अगस्त: जाट रेजिमेंट के सभी राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर क्लर्क पद की भर्ती।
सहारनपुर में 17 अगस्त से होगी भर्ती
सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली 17 अगस्त से शुरू होकर 10 सितंबर तक चलेगी। यह भर्ती सहारनपुर के आंबेडकर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस रैली में पश्चिमी यूपी के 13 जिलों के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। इन जिलों में गौतमबुद्धनगर, हापुड़, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर शामिल हैं।
इन युवाओं को मिलेगा भर्ती में मौका
अग्निवीर भर्ती रैली में योग्य उम्मीदवारों के साथ-साथ जाट रेजिमेंट के पूर्व और वर्तमान सैनिकों के पुत्र व सगे भाई, अन्य रेजिमेंट के पूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, भाई और कानूनी रूप से गोद लिए गए बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा युद्ध में शहीद या घायल सैनिकों के आश्रित और उत्कृष्ट खिलाड़ी भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। सेना की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और निर्धारित तारीख व समय पर ही भर्ती केंद्र पहुंचें।