लड़की से दोस्ती को लेकर बढ़ा विवाद, नांगलोई में 15 साल के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या

Delhi Crime: दिल्ली के नांगलोई इलाके में लड़की से दोस्ती को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। तीन नाबालिगों ने 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।

Knews desk- दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक नाबालिग छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की उम्र 15 साल थी और वह 9वीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस के मुताबिक, लड़की से दोस्ती को लेकर पुराने विवाद के चलते तीन नाबालिगों ने उस पर हमला किया। चाकू लगने के बाद छात्र के शरीर से काफी खून बह गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर छात्र अपने एक सहपाठी और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक लड़की के साथ घूम रहा था। बताया जा रहा है कि लड़की के आरोपी नाबालिगों में से एक के साथ पहले संबंध थे। बाद में दोनों के बीच दूरी हो गई और लड़की की दोस्ती मृतक छात्र से हो गई।

इसी बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पहले भी कई बार विवाद और झगड़ा हो चुका था। गुरुवार को जब आरोपी ने छात्र को लड़की के साथ देखा तो उसने विरोध किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी अपने दो साथियों के साथ वहां से चला गया।

दोबारा लौटे आरोपी, छात्र पर किया हमला

कुछ देर बाद तीनों नाबालिग वापस लौटे। उस समय छात्र अपने दोस्त के साथ मौजूद था। आरोप है कि आरोपी ने छात्र से लड़की के साथ घूमने को लेकर सवाल किया। बात बढ़ने पर दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया।

इसी दौरान आरोपी के दोनों साथियों ने छात्र को पकड़ लिया और मुख्य आरोपी ने उसकी दाईं जांघ पर चाकू से वार कर दिया। हमला करने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

ज्यादा खून बहने से हुई मौत

चाकू लगने के बाद छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन शरीर से अधिक मात्रा में खून निकल जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद तीनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्र का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *