कौन हैं Jay Singh Rathore, जिन पर लगा 1.58 लाख रुपये की ठगी का आरोप? सोशल मीडिया पर मचा बवाल

बहन की आंखों के इलाज के नाम पर आर्थिक मदद मांगने वाले जय सिंह राठौर को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया है। मेडिकल दस्तावेजों पर सवाल उठने के बाद अस्पताल ने उन्हें फर्जी बताया। इसके बाद X पर यूजर्स ने जमकर नाराजगी जताई और मामला तेजी से वायरल हो गया।

Knews Desk– सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X, जिसे पहले ट्विटर के नाम से जाना जाता था, पर इन दिनों जय सिंह राठौर नाम का यूजर चर्चा में है। उन पर आरोप है कि उन्होंने मदद की अपील करते हुए लोगों से क्राउडफंडिंग के जरिए करीब 1.5 लाख रुपये जुटाए। बाद में उनके द्वारा साझा किए गए मेडिकल दस्तावेजों को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

मामले की शुरुआत जय सिंह राठौर की एक इमोशनल पोस्ट से हुई। उन्होंने अपनी बहन की आंखों की सर्जरी के लिए लोगों से आर्थिक मदद मांगी थी। उनकी अपील देखकर कई लोगों ने पैसे दान किए और देखते ही देखते 1.5 लाख रुपये से अधिक की रकम जुट गई। हालांकि, इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके शेयर किए गए मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन और अन्य दस्तावेजों में कथित तौर पर कई कमियां सामने रखीं। इससे पोस्ट और उसके पीछे की कहानी पर सवाल उठने लगे।

जिस अस्पताल के नाम और लेटरहेड का इस्तेमाल इन दस्तावेजों में किया गया था, उसने भी मामले पर सफाई दी। ‘श्राफ आई सेंटर’ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि उसके लेटरहेड और दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी पर्चियां तैयार की गई हैं। अस्पताल के मुताबिक, ऐसा कोई मरीज वहां इलाज नहीं करा रहा था। अस्पताल ने इसे लोगों को ठगने के लिए किए गए प्रयास के तौर पर बताया।

विवाद बढ़ने के बाद जय सिंह राठौर ने X Spaces के जरिए अपनी बात रखने की कोशिश की। इस दौरान वह रोते हुए नजर आए और अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि जुटाए गए पैसे उनकी बहन के इलाज के लिए नहीं, बल्कि उनके बीमार पिता के इलाज के लिए थे।

इसके बाद दान देने वाले लोगों ने उनसे पैसे वापस करने की मांग शुरू कर दी। जय सिंह राठौर ने रिफंड के स्क्रीनशॉट शेयर करने शुरू किए। एक यूजर की ओर से शेयर किए गए बैंक स्क्रीनशॉट में उनके खाते से कुछ रकम कम होती दिखाई दी, जिसके आधार पर दावा किया गया कि उन्होंने कुछ लोगों को पैसे वापस किए हैं।

इसी बीच इस मामले को प्रमोट करने वाली एक अन्य यूजर ‘@Raniisaa_’ पर भी सवाल उठने लगे। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर शक जताया। हालांकि, उन्होंने ट्वीट के जरिए इन आरोपों से खुद को अलग बताया और जय सिंह राठौर से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया।

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। साथ ही, जय सिंह राठौर के दावों, मेडिकल दस्तावेजों और रिफंड से जुड़े स्क्रीनशॉट को लेकर भी यूजर्स के बीच चर्चा जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *