पटना के दानापुर में बिहार पुलिस के सिपाही ओमचंद्र उर्फ सोनू ने अपनी मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन गायत्री देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को भी गोली मार ली। दोनों के शव एक ही बेड पर मिले।
Knews Desk– बिहार की राजधानी पटना के दानापुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नासरीगंज की मिथिला कॉलोनी में बिहार पुलिस के एक सिपाही ने अपनी शादीशुदा बहन की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुदकुशी कर ली। दोनों भाई-बहन के शव तीसरी मंजिल स्थित कमरे में एक ही बेड पर खून से लथपथ मिले। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सर्विस रिवॉल्वर, 33 जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय ओमचंद्र उर्फ सोनू और उसकी 21 वर्षीय बहन गायत्री देवी के रूप में हुई है। ओमचंद्र मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मरथुआ गांव का रहने वाला था। पिता की मौत के बाद उसे अनुकंपा के आधार पर बिहार पुलिस में नौकरी मिली थी। फिलहाल वह मोतिहारी में सिपाही के पद पर तैनात था।
ओमचंद्र अपने छोटे भाई उमानाथ और दो बहनों के साथ दानापुर की मिथिला कॉलोनी में ब्रजेश सिंह के मकान में किराए पर रह रहा था। बताया गया है कि करीब दो महीने बाद ही उसकी शादी होने वाली थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच यह दर्दनाक घटना हो गई।
छोटे भाई उमानाथ के मुताबिक, गायत्री देवी की शादी 2004 में बक्सर जिले के गायघाट में हुई थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण ससुराल वाले उसे अपने साथ नहीं रखना चाहते थे। उसका इलाज मुजफ्फरपुर के एक अस्पताल में चल रहा था। करीब तीन महीने पहले ही ओमचंद्र इलाज के बाद उसे दानापुर लेकर आया था।
उमानाथ ने बताया कि गायत्री आसपास की दुकानों से सामान उधार ले लिया करती थी। इसके बाद दुकानदार बकाया रकम के लिए ओमचंद्र से पैसे मांगते थे। हाल ही में कुछ दुकानदारों ने उससे बकाया राशि चुकाने को कहा था। इससे ओमचंद्र काफी तनाव में था।
सिटी एसपी (वेस्ट) संकेत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ओमचंद्र मोतिहारी जिले में सिपाही के पद पर तैनात था। घटना के समय घर में केवल भाई और बहन मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, आपसी विवाद और अत्यधिक मानसिक तनाव के बीच ओमचंद्र ने पहले अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर उसी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है। पुलिस मामले से जुड़े कानूनी और व्यक्तिगत पहलुओं की जांच कर रही है।