Knews Desk- भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हाई कोर्ट के आदेश के बाद ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम शुरू हो गया है। दिल्ली AIIMS के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची और मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान परिवार भावुक नजर आया। ट्विशा की मां ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब उनकी बेटी को न्याय मिलेगा।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही परिवार पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठा रहा था। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती जांच में कई अहम तथ्यों को नजरअंदाज किया गया। लगातार विरोध और कानूनी लड़ाई के बाद हाई कोर्ट ने दोबारा पोस्टमार्टम की अनुमति दी थी।

मौके पर मौजूद परिवार के सदस्य पोस्टमार्टम शुरू होते ही भावुक हो गए। ट्विशा की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी बेटी के साथ गलत हुआ है और अब उन्हें अदालत और डॉक्टरों की टीम पर भरोसा है। परिवार का कहना है कि वे शुरू से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।
इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह की मुश्किलें भी लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सात दिन की रिमांड पर लिया है। जांच एजेंसियां अब हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ ससुराल पक्ष लगातार आरोपों से इनकार कर रहा है।
ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे देश में चर्चा छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। अब सबकी नजर दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, क्योंकि माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट से कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।