ट्विशा शर्मा मौत मामला: आरोपी पति समर्थ सिंह कोर्ट में पेश, पुलिस ने मांगी 7 दिन की रिमांड

Knews Desk- भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह को शनिवार को भोपाल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से समर्थ की 7 दिन की रिमांड मांगी है ताकि मामले की गहराई से पूछताछ की जा सके।

समर्थ सिंह को शुक्रवार देर रात जबलपुर से हिरासत में लेने के बाद भोपाल लाया गया था। पुलिस का दावा है कि समर्थ ने सरेंडर नहीं किया था, बल्कि उसे कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसकी रात कटारा हिल्स थाने में गुजरी और शनिवार सुबह मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रिमांड जरूरी है। जांच एजेंसियां ट्विशा की मौत वाली रात की परिस्थितियों, दोनों के रिश्तों और फरारी के दौरान समर्थ की गतिविधियों की जांच करना चाहती हैं। इस मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। ट्विशा के परिवार ने पहले ही पुलिस जांच पर सवाल उठाए थे और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच की सिफारिश की है। वहीं हाई कोर्ट ने ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश भी दिया है। AIIMS दिल्ली की विशेषज्ञ टीम भोपाल पहुंचकर पोस्टमार्टम करेगी।

मामले में समर्थ सिंह की मां और पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी किया है। परिवार का आरोप है कि मामले में सबूतों से छेड़छाड़ की गई। इधर बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस पूरे मामले ने मध्य प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में चर्चा और विवाद को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *