Knews Desk– मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज एक अहम घटनाक्रम सामने आया। री-पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्विशा शर्मा का शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को सौंप दिया गया है। इसके बाद परिवार शव को लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गया।
दरअसल, ट्विशा शर्मा की मौत के बाद परिवार लगातार पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठा रहा था। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी। बाद में हाई कोर्ट के आदेश पर AIIMS दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने भोपाल पहुंचकर ट्विशा के शव का री-पोस्टमार्टम किया। मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
री-पोस्टमार्टम के दौरान परिवार काफी भावुक नजर आया। ट्विशा की मां और अन्य परिजन लगातार न्याय की मांग करते रहे। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मामले की सच्चाई सामने आएगी। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने शव परिवार को सौंप दिया। अब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गया है। बताया जा रहा है कि भोपाल के भदभदा शमशान घाट में ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इधर, मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह से SIT की पूछताछ लगातार जारी है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच कर रही है। पूरे मामले पर प्रदेशभर की नजर बनी हुई है और सोशल मीडिया पर भी लोग ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।