रामपुर में दर्दनाक घटना: पत्नी की मौत के बाद पति ने भी दी जान, एक ही दिन में उजड़ गया परिवार

उत्तर प्रदेश के रामपुर में पारिवारिक विवाद के बाद एक दंपत्ति की मौत हो गई। पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद अस्पताल में उसकी जान चली गई। पत्नी की मौत की खबर मिलने पर पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक दंपत्ति की मौत हो गई। पहले पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर मिलने के बाद पति सदमे में आ गया और उसने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

यह मामला रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र के पटिया गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी 40 वर्षीय रंपा देवी ने शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे पारिवारिक विवाद के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें मिलक के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन रंपा देवी को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर उनके 45 वर्षीय पति राजेंद्र प्रसाद को गहरा सदमा लगा। इसके बाद उन्होंने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

बताया जा रहा है कि राजेंद्र प्रसाद खेती-किसानी का काम करते थे। एक ही दिन में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *