बिहार बंद के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाला पुलिसकर्मी सस्पेंड, 21 FIR दर्ज; 450 से ज्यादा गिरफ्तार

सिवान में वायरल वीडियो के बाद पुलिस मुख्यालय की बड़ी कार्रवाई। पटना समेत कई जिलों में हिंसा के मामलों में जांच तेज, वीडियो फुटेज के आधार पर हो रही पहचान।

Knews Desk- बिहार बंद के दौरान सिवान में AK-47 से फायरिंग करने वाले पुलिस जवान के खिलाफ पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद SIT में तैनात जवान अभिषेक पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि हथियार का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया और क्या यह निर्धारित नियमों के अनुरूप था।

25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई थी। कई स्थानों पर पथराव और हंगामे की घटनाएं हुईं। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक पुलिसकर्मी AK-47 से फायरिंग करता दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

बिहार बंद के दौरान हुई हिंसक घटनाओं को लेकर राज्यभर में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक पटना सहित विभिन्न जिलों में 21 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 450 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों पर पुलिस पर हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने और कानून-व्यवस्था बाधित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

गिरफ्तारियों की बात करें तो पटना में सबसे अधिक कार्रवाई हुई है, जहां दो मामलों में 139 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें 30 छात्राएं और करीब 45 नाबालिग भी शामिल थे, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इसके अलावा सारण से 58, सिवान से 25, मुजफ्फरपुर से 15, सीतामढ़ी से 13 और किशनगंज से 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हिंसा से जुड़े मामलों की जांच सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी की संदिग्ध भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *