वसुंधरा चौकी के बाहर धमाके में पाकिस्तानी कनेक्शन का दावा, एजेंसियों ने जांच तेज की

KNEWS DESK- साहिबाबाद में इंदिरापुरम थाने की वसुंधरा चौकी के बाहर 6 नवंबर की रात हुए तेज धमाके की जांच में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने की बात कही जा रही है। एजेंसियों की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, विस्फोट में खदान, पत्थर-चट्टान तोड़ने और सुरंग बनाने में इस्तेमाल होने वाला ब्लास्टिंग पाउडर इस्तेमाल किया गया था।

आतंकियों की मौजूदगी दिखाने का उद्देश्य

सूत्रों के मुताबिक, धमाके के पीछे आतंकियों का उद्देश्य अपनी मौजूदगी दिखाना था। पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी समेत अन्य आतंकियों के नेटवर्क की छानबीन की जा रही है।

चौकी को बनाया गया साफ्ट टारगेट

जांच में यह बात सामने आने का दावा किया जा रहा है कि धमाका कौशांबी थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क ध्वस्त किए जाने के प्रतिशोध में किया गया। आतंकियों ने पुलिस चौकी को निशाना बनाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका नेटवर्क अभी सक्रिय है। वसुंधरा चौकी को साफ्ट टारगेट माना जा रहा है, क्योंकि एलिवेटेड रोड से वहां धमाका करना और फरार होना आसान था।

1500 से अधिक लोगों की जांच

धमाके में एक ऑनलाइन कंपनी का डिलीवरी बॉय घायल हुआ था। एक्स पर गाजी-2 अकाउंट से तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस ने एलिवेटेड रोड के सीसीटीवी खंगालते हुए करीब एक हजार वाहनों की जांच की है। वाहन मालिकों, आसपास की झुग्गियों और संदिग्धों समेत 1500 से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है।

धमाके में चौकी की खिड़की उखड़ गई और दीवार में छेद हो गया। करीब दो फीट का गड्ढा भी बना। धमाके का कंपन लगभग 500 मीटर तक महसूस किया गया। डीसीपी ट्रांस हिंडन रिजुल के मुताबिक, फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद विस्फोटक के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *