सोनिया गांधी की तारीफ कर रोहित पवार ने बढ़ाई सियासी हलचल, NCP विलय के बीच क्या है संदेश?

Knews Desk – शरद पवार के भतीजे और NCP (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की तारीफ की है। उनकी पोस्ट के बाद महाराष्ट्र की सियासत में इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी NCP (शरद पवार) के कर्जत-जामखेड से विधायक और शरद पवार के भतीजे रोहित पवार की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। रोहित पवार ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर उनकी जमकर तारीफ की है। उन्होंने सोनिया गांधी के जीवन संघर्ष, निजी जीवन में आए दुख और तमाम मुश्किलों के बावजूद उनके मजबूत व्यक्तित्व की सराहना की।

रोहित पवार ने अजित पवार के विमान हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर संसद में सोनिया गांधी से हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। रोहित पवार के मुताबिक, सोनिया गांधी ने परिवार के सदस्य की तरह उनके दुख को समझा और उनकी मांग का समर्थन किया।

रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि सोनिया गांधी की यह किताब गांधी-नेहरू परिवार और कांग्रेस के प्रति निष्ठा एवं प्रेम रखने वाले देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।

रोहित पवार की इस पोस्ट के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। एनसीपी के अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के संभावित विलय को लेकर रोहित पवार पहले से ही नाराज बताए जा रहे हैं। हाल ही में NCP (शरद पवार) की कोर कमेटी की लगातार तीन बैठकों में भी वह शामिल नहीं हुए थे।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या रोहित पवार एनसीपी के संभावित विलय से असहज हैं? क्या सोनिया गांधी और कांग्रेस की तारीफ के जरिए वह कोई राजनीतिक संदेश दे रहे हैं? अगर दोनों एनसीपी गुटों का विलय होता है, तो क्या रोहित पवार कांग्रेस का रास्ता चुन सकते हैं?

रोहित पवार की सोनिया गांधी के प्रति जताई गई प्रशंसा ने इन सवालों को और हवा दे दी है। क्या एनसीपी के संभावित विलय से नाराज रोहित पवार अब कांग्रेस के करीब जाने का संकेत दे रहे हैं और क्या आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नया सियासी समीकरण देखने को मिलेगा, इन सवालों पर फिलहाल चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *